शहीद आयुष की याद में माता-पिता ने गरीब बच्ची को लिया गोद
उन्होंने यह पुनीत कार्य अपने शहीद पुत्र के 26वें जन्मदिन के मौके पर किया।
कानपुर। 'सराहनीय....अनुकरणीय' कानपुर से आयी इस खबर को देखने सुनने के बाद आपकी जुबान से यही शब्द निकलेंगे। देश के लिये शहीद होने वाले कैप्टन आयुष यादव के माता-पिता ने उस स्कूल से एक गरीब बच्ची को गोद लिया है, जहां कभी उनका वीर बेटा पढ़ता था। उन्होंने यह पुनीत कार्य अपने शहीद पुत्र के 26वें जन्मदिन के मौके पर किया।

आम तौर पर देश के लिये अपना बेटा कुर्बान करने वाले माता पिता की अभिलाषा होती है कि उनके पुत्र की याद में कोई स्मारक बने लेकिन इस साल कुपवाड़ा के आतंकी हमले में शहीद होने वाले कैप्टन आयुष यादव के माता-पिता ने बेटे की यादों को संजोने के लिये जो कदम उठाया वो सराहनीय है और अनुकरणीय भी। आयुष का 26वें जन्मदिन के मौके पर उनके माता-पिता उस सेण्ट जोसेफ सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में जा पहुंचे जहां आयुष ने प्रारम्भिक शिक्षा हासिल की थी।
उन्होंने आयुष का जन्मदिन स्कूली बच्चों के साथ मनाया, उन्हें उपहार भेंट किये और फिर प्रिन्सिपल से ईच्छा जाहिर की कि वे अपने बेटे की याद में इसी स्कूल से एक बेटी गोद लेना चाहेगें। गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया काफी जटिल होने के कारण आखिरकार बात इस पर बनी कि वे एक निर्धन बच्ची की परवरिश का पूरा खर्च उठायेगें। इसके लिये शहीद के माता-पिता ने स्कूल प्रिन्सिपल को चेक सौंपी।
यादव दम्पत्ति की भावनात्मक सोच यह है कि शहीद बेटे की याद में वे जिस बेटी का लालन-पालन करने जा रहे हैं, वो बड़ी होकर बहादुर बनेगी और देश की सेवा करेगी।












Click it and Unblock the Notifications