लेडी इंस्पेक्टर से एकतरफा इश्क में 'पाण्डेय जी' कर गए ऐसा काम, अब हुए सस्पेंड
इलाहाबाद के मम्फोर्डगंज में आबकारी विभाग का मुख्यालय है। यहां पर तैनात एक महिला इंस्पेक्टर को अभिषेक पाण्डेय नाम के सिपाही ने अश्लील मैसेज भेजा था।
इलाहाबाद । महिला इंस्पेक्टर से एकतरफा इश्क कर रहे सिपाही की मुश्किल बढ़ गई है। महिला इंस्पेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के मामले में उसे सस्पेंड कर दिया गया है। दबंग फिल्म के चुलबुल पाण्डेय की तरह अपने आशिकाना व दबंग अंदाज के लिए चर्चित अभिषेक पाण्डेय को अब गिरफ्तार भी किया जायेगा। अधिकारी के आदेश पर कर्नलगंज पुलिस ने दोपहर में सिपाही पाण्डेय के घर छापेमारी की लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।

आबकारी मुख्यालय का मामला
इलाहाबाद के मम्फोर्डगंज में आबकारी विभाग का मुख्यालय है। यहां पर तैनात एक महिला इंस्पेक्टर को अभिषेक पाण्डेय नाम के सिपाही ने अश्लील मैसेज भेजा था। जिसकी तैनाती सेक्टर चार में है। मामले में सिपाही अभिषेक के विरुद्ध कर्नलगंज थाने में खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
नहीं हुई थी कार्यवाही
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी चुलबुल पाण्डेय के फैन अभिषेक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक की अभिषेक की रिपोर्ट जिला आबकारी अधिकारी ने उच्चाधिकारियों तक को भेजने की जहमत नहीं उठायी।
एक्शन में आबकारी आयुक्त
उप आबकारी आयुक्त इलाहाबाद मंडल एके शुक्ला ने अखबारों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए आज अभिषेक को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही छेड़खानी जैसे इस गंभीर मामले की जानकारी आबकारी आयुक्त को रिपोर्ट के तौर पर भेजी गई है । अब विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मची है।
दबंग हैं पाण्डेय जी
उप आयुक्त एके शुक्ला ने बताया कि अभिषेक पाण्डेय जब मुख्यालय में तैनात था। तब उसने उपस्थिति रजिस्टर तक फाड़ डाला था। उसकी दबंगई की सूचना के बाद अब यह मामला सामने आया है । वैसे नियमानुसार डीइओ को अपनी रिपोर्ट भेजनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने नहीं भेजी। फिलहाल अखबार की कटिंग, थाने में दर्ज रिपोर्ट की कॉपी और महिला इंस्पेक्टर की लिखित शिकायत के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
हो सकता है बर्खास्त
अब सिपाही के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी होगी। महिला हिंसा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर अभिषेक को बर्खास्त किया जा सकता है। जबकि रिपोर्ट न भेजने पर डीइओ पर भी गाज गिर सकती है । इंस्पेक्टर मनोज तिवारी ने बताया कि जल्द ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications