बहराइच: मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचे तीन इनामी डकैत, इंस्पेक्टर और दो सिपाही घायल
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में मंगलवार की देर रात डकैतों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस तीन डकैतों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर और दो सिपाही भी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती करवाया गया है।

रुपईडीहा में हुई मुठभेड़
मुठभेड़ थाना रुपईडीहा क्षेत्र के जैतापुर गांव के पास हुई है। दरअसल, नेपाल सीमावर्ती रुपईडीहा थाना क्षेत्र में डकैती की लगातार दो घटनाओं के बाद दहशत का माहौल बना हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। एसएसटी और पुलिस टीम मंगलवार देर रात रुपईडीहा इलाके में गश्त पर थी तभी जैतापुर गांव के पास डकैतों से उनका सामना हो गया। पुलिस से खुद को घिरा हुआ पाकर डकैतों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन पुलिस की जवाबी फायरिग में 3 डकैत घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि डकैतों के अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठा कर फरार हो गए।

पुलिसकर्मी भी घायल
बता दें कि डकैतों की गोली से पुलिस इंस्पेक्टर जयनारायण शुक्ला सहित 2 सिपाही भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी जुगल किशोर तिवारी ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल तीनों डकैत शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनमें शामिल बुढ़ऊ नामक डकैत सजायाफ्ता अभियुक्त है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी डकैतों पर लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास समेत दर्जन भर से अधिक मामले विभिन्न थानों में पंजीकृत है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मुठभेड़ में घायल डकैतों के साथियों की तलाश के लिए इलाके में पुलिस की कांबिंग देर रात तक जारी रही। उन्होंने बताया कि टीम को गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने किया इनाम घोषित
एडीजी गोरखपुर जोन ने डकैतों की गिरफ्तारी के लिए एक लाख का ईनाम घोषित किया था। जबकि डीआईजी और एसपी ने भी गिरफ्तार डकैतों पर 50 50 हजार का ईनाम घोषित किया हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications