PMKSNY Update: पीएम किसान सम्मान निधि को लेकर अभियान छेड़ेगी योगी सरकार, ये है इसका मकसद
PMKSNY योजना को लेकर अब यूपी सरकार ने 22 मई से लेकर 10 जून तक अभियान चलाने का फैसला किया है। इसका मकसद इस योजना के पात्र किसानों को जोड़ना है।

PM Kisan Samman Nidhi Yojana: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य में पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये का प्रावधान करने वाली महत्वाकांक्षी पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PMKSNY) के कवरेज को बढ़ाने के लिए एक विशेष अभियान चलाएगी। यूपी में इस योजना में 2,83,10,177 किसान शामिल हैं।
22 मई से शुरू होगा यह अभियान
इस योजना से जुड़े अधिकारियों की माने तो 22 मई से शुरू होकर 10 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य योजना के तहत अधिकतम संभावित किसानों को शामिल करना है। इस अभियान में राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग सहित कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी घर-घर जाएंगे।
शत-प्रतिशत किसानों को लाभान्वित करने की कोशिश
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि सीएम योगी ने अधिकारियों को राज्य के शत-प्रतिशत पात्र किसानों को लाभान्वित करने के लिए "निरंतर अभियान" चलाने का निर्देश दिया है। मुख्य सचिव डीएस मिश्रा को योजना के क्रियान्वयन पर नजर रखने को कहा गया है।
वंचित किसानों को योजना का लाभ देने का प्रयास
मिश्रा ने हाल ही में योजना के लाभ से वंचित किसानों की एक बैठक की थी। उन्हें विभिन्न विभागों द्वारा सूचित किया गया कि राज्य में बड़ी संख्या में ओपन सोर्स से आवेदन करने वाले किसानों को योजना के तहत कवर नहीं किया गया है। इसी तरह जिन किसानों के भू-अभिलेख (भूलेख) अपडेट नहीं हैं, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। PMKSNY के तहत अब तक 13 किस्तों का वितरण पूरा हो चुका है। अब 14वीं किस्त के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है।
कृषि विभाग होगा इस अभियान का नोडल विभाग
कृषि विभाग पूरे अभियान का नोडल विभाग होगा। ग्राम पंचायत स्तर पर लगने वाले शिविरों में ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सचिव, लेखपाल, तकनीकी सहायक (कृषि), सामान्य सेवा केंद्र, डाकघर के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, ताकि परेशानी मुक्त ई-केवाईसी सुनिश्चित की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications