श्रीराम का PM नरेंद्र मोदी ने किया राज्याभिषेक, बोले- सौभाग्य से प्राप्त होता है यह अवसर
PM Narendra Modi In Ayodhya: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 23 अक्टूबर को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया। राज्याभिषेक के बाद पीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'श्री रामलला के दर्शन और उसके बाद राजा राम का अभिषेक यह सौभाग्य से ही मिलता है।' इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी राम की पैड़ी पहुंचे और दीपोत्सव का शुभारंभ किया। यहां से पीएम मोदी सरयू घाट पहुंचे और आरती में शामिल हुए।

इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'जब श्रीराम का अभिषेक होता है तो हमारे भीतर भगवान राम के आदर्श व मूल्य और दृढ़ हो जाते हैं। राम के अभिषेक के साथ ही उनका दिखाया गया पथ और प्रदीप्त हो उठता है।' कहा कि इस बार दीपावली एक ऐसे समय में आई है, जब हमने कुछ समय पहले ही आजादी के 75 वर्ष पूरे किए हैं, हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आजादी के इस अमृतकाल में भगवान राम जैसी संकल्प शक्ति देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगी।
मंच से लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'भगवान राम ने अपने वचन में, अपने विचारों में, अपने शासन में, अपने प्रशासन में जिन मूल्यों को गढ़ा वो सबका साथ-सबका विकास की प्रेरणा हैं और सबका विश्वास-सबका प्रयास का आधार भी हैं।' इस दौरान उन्होंने कहा, लाल किले से मैंने सभी देशवासियों से पंच प्राणों को आत्मसात करने का आह्वान किया है। इन पंच प्राणों की ऊर्जा जिस एक तत्व से जुड़ी हुई है, वो है भारत के नागरिकों का कर्तव्य। आज अयोध्या नगरी में दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर हमें अपने इस संकल्प को दोहराना है।
पीएम मोदी ने कहा कि भगवान राम मर्यादापुरुषोत्तम कहे जाते हैं। मर्यादा मान रखना भी सिखाती है और मान देना भी सिखाती है और मर्यादा जिस बोध की आग्रही होती है, वो बोध कर्तव्य ही है। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी सरयू घाट पर आरती में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने कहा कि आज अयोध्या नगरी भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम अध्याय का प्रतिबिंब है। हमने त्रेता की उस अयोध्या के दर्शन नहीं किए, लेकिन प्रभु राम के आशीर्वाद से आज अमृत काल में अमर अयोध्या की अलोकिकता के साक्षी बन रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications