गुजरात चुनाव के बारे में पीएम मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी की बड़ी भविष्यवाणी, जानिए क्या कहा
गुजरात विधानसभा चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई ने प्रह्लाद मोदी ने कहा है कि राज्य में सिर्फ दो ही राजनीतिक पार्टियां है- बीजेपी और कांग्रेस, और कभी भी तीसरी पार्टी नहीं रही। पीएम मोदी के भाई ने इस तरह से दिसंबर के पहले हफ्ते में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की चुनौतियों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दिए गए बयान में यह भी दावा किया है कि अब कांग्रेस प्रदेश में 'शून्य' हो चुकी है और 'बीजेपी अपनी पूरी ताकत के साथ आई है'।

गुजरात में सिर्फ दो ही पार्टी, कांग्रेस 'शून्य' है-प्रह्लाद मोदी
गुजरात में वोटिंग से कुछ हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी ने चुनावों को लेकर कई बड़े दावे किए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक प्रह्लाद मोदी भाजपा नेता सुमित सिंह के निमंत्रण पर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी पहुंचे थे। उन्होंने कहा है, 'गुजरात राज्य में कांग्रेस अब 'शून्य' है और बीजेपी अपनी पूरी ताकत के साथ आई है। राज्य में सिर्फ दो ही पार्टियां कांग्रेस और बीजेपी चली हैं। वहां (गुजरात में) कभी भी तीसरी पार्टी नहीं रही है। '
यूपी के बाराबंकी में बोले प्रह्लाद मोदी
दरअसल, प्रह्लाद मोदी से संवाददताओं ने गुजरात विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे थे, जो राज्य में जबर्दस्त तरीके से चुनाव प्रचार कर रही है। मोदी ने बाराबंकी आने की वजह के बारे में बताया कि उनका सुमित सिंह के साथ पारिवारिक नाता है और वे उन्हीं के बुलावे पर आए हैं और उनकी यात्रा के पीछे और कोई कारण नहीं है।
2024 में भी बीजेपी सरकार-पीएम मोदी के भाई
पीएम मोदी के भाई ने इसके साथ ही 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर भी अपनी टिप्पणी की है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि जनता को अपनी पसंद का प्रधानमंत्री मिला है और 2024 में बीजेपी फिर से सरकार बनाएगी।
1 और 5 दिसंबर को गुजरात में मतदान
गुजरात विधानसभा का चुनाव 1 और 5 दिसंबर को होना है। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के साथ ही होगी, जहां 12 नवंबर को मतदान करवाए जा चुके हैं। गौरतलब है कि गुजरात में दशकों से कांग्रेस और भाजपा में ही सीधा मुकाबला होता रहा है और ढाई दशकों भी ज्यादा समय से वहां की सत्ता पर बीजेपी का कब्जा है। लेकिन, इस बार आम आदमी पार्टी की चुनाव मैदान में एंट्री ने चुनावी माहौल को त्रिकोणीय बना रखा है। (तस्वीर-फाइल)












Click it and Unblock the Notifications