2024 से पहले काशी का कायाकल्प करने के मूड में मोदी, उद्योगपतियों से आह्वान के पीछे का क्या है एजेंडा
लखनऊ, 04 जून: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की तरफ से ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का अयोजन किया गया था। इस आयोजन में पीएम मोदी ने जिस तरह से दुनियाभर के उद्योपतियों को काशी आने का आह्वान किया उससे एक बात तो स्पष्ट हो गई है कि 2024 में होने वाले आम चुनाव से पहले पीएम मोदी पूरी तरह से काशी का कायाकल्प करने के मूड में दिखाई दे रहे हैं। हालाकि मोदी के इस अभियान को इस तरह से भी देखा जा सकता है कि 2 साल पहले ही उन्होंने आम चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि राजनीतिक पंडितों की माने तो आने वाले दिनों में मोदी की यह कवायद अभी और तेज होती दिखाई देगी।

बदलती काशी की ब्रांडिंग करने के मूड में मोदी
उत्तर प्रदेश में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान मोदी ने कई बार काशी का जिक्र किया। पीएम ने कहा की काशी अब बदल रही है। काशी से मोदी दूसरी बार सांसद बने हैं। बनारस में काशी विश्वनाथ धाम का जिस तरह कायाकल्प हुआ है उसे वो पूरी दुनिया को दिखाना चाहते हैं। दरअसल मोदी भी चाहते हैं कि काशी में पर्यटकों की आमद और बढ़ाई जाए। इसके लिए वहां उद्योगपतियो का जुटान होना बहुत जरूरी है।

बीजेपी आरएसएस के धार्मिक एजेंडे में भी शामिल रही है काशी
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान ही इस बात के संकेत मिल गए थे कि बीजेपी अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद पूरा फोकस काशी और मथुरा पर करेगी। ठीक वैसे ही चुनाव खत्म होने के बाद काशी की ज्ञानवापी का मुद्दा अचानक तेजी से गरमाने लगा है। योगी भी अपने कई भाषणों में इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि काशी अब अंगड़ाई लेने लगी है। इशारा साफतौर पर ज्ञानवापी मामले की तरफ ही था। हाल ही में आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने अहम बयान दिया जिसमे उन्होंने कहा की हर मंदिर में शिवलिंग नहीं खोजना चाहिए लेकिन ज्ञानवापी के मुद्दे का समाधान तो होना चाहिए।

2024 में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए UP होगा अहम
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद अब बीजेपी ने अपनी निगाहें 2024 के चुनाव पर गड़ा दी हैं। मोदी को इस बात का अहसास है कि अगले आम चुनाव में यूपी की क्या अहमियत होने वाली है। इस बात को कनेक्ट करते हुए मोदी ने यूपी के लोगों को खुश करने के लिए कहा कि देश के विकास को मोमेंटम यूपी ही देगा। मोदी बात तो आज की कर रहे थे लेकिन उनका निशाना 2024 का आम चुनाव ही था। पिछले दोनों आम चुनाव में बीजेपी को उत्तर प्रदेश से थोक के भाव में सीटें मिलीं थीं। 2014 में बीजेपी ने जहां 71 सीटों पर कब्जा किया था वहीं 2019 में बीजेपी को 64 सीटें मिलों थीं।

क्या 2 साल पहले मोदी ने शुरू कर दी तैयारी
उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी और पीएम मोदी ने 2 साल पहले ही आम चुनाव की तैयारी शुरू कर दी हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीजेपी मोदी सरकार की 8 साल की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। इसके लिए बीजेपी की तरफ से रिपोर्ट टू नेशन कार्यक्रम की भी शुरुवात की गई है। मोदी भी अपने कार्यक्रमों के जरिए अपने 8 साल के कामों को जनता के बीच पहुंचाने में जुटे हैं। पीएम मोदी दूसरी बार बनारस से सांसद बने हैं। पहले कार्यकाल में ही मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम कारीडोर की नीव रख दी थी। अब मोदी का ये प्रोजेक्ट आकार ले चुका है। इस प्रोजेक्ट के सहारे वो 2024 की सियासी पटकथा लिखना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications