तीसरे दिन के प्रचार अभियान में पीएम पहुंचे गढ़वा आश्रम
वाराणसी में तीसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरु किया अपना प्रचार अभियान
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में अपने तीसरे दिन के प्रचार अभियान में गढ़वा आश्रम पहुंचे और इसके साथ ही वह यहां तकरीबन एक किलोमीटर का रोड शो भी करेंगे। यह रोड शो रामनगर चौक से शास्त्री चौक तक चलेगा, इस रोड शो के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आपको बता दें कि यूपी में सातवें यानि आखिरी चरण के लिए प्रचार शाम 5 बजे थम जाएगा।


गढ़वा आश्रम में की गो सेवा
प्रधानमंत्री मोदी गढ़वा आश्रम पहुंचे जहां उन्हें रुद्राक्ष की माला पहनाकर स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने वहां गो सेवा की। पीएम यहां स्वामी शरणानंद से मुलाकात करेंगे।प्रधानमंत्री मोदी गढ़वा आश्रम में स्वामी शरणानंद से मुलाकात करने के बाद रामनगर चौक जाएंगे और जनता दर्शन करेंगे। पीए मोदी इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। प्रधानमंत्री यहां से हेलीकॉप्टर से रोहनिया पहुंचेगे और यहां चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

खास है गढ़वा आश्रम
पीएम के गढ़वा आश्रम चुनने के पीछे भी राजनीतिक वजह है, गढ़वा आश्रम के तकरीबन दो करोड़ अनुयायी हैं, जिसमें बड़ी संख्या में यादव शामिल हैं, इनके साथ ही दलित और अन्य पिछड़े समाज के लोग भी इस आश्रम से जुड़े हैं, लिहाजा पीएम इस बड़े वोट बैंक को भाजपा की ओर मोड़ना चाहते हैं।

यादव नेता के साथ पहुंचे आश्रम
पीएम मोदी के साथ भाजपा नेता भूपेंद्र यादव भी गढ़वा आश्रम में मौजूद थे। यहां गौर करने वाली बात यह है कि भूपेंद्र यादव अभी तक यूपी के चुनावी अभियान से पूरी तरह से गायब थे, लेकिन जिस तरह से वह गढ़वा आश्रम में पीएम भूपेंद्र यादव के साथ पहुंचे, माना जा रहा है कि यह यादव वोटबैंक में सेंधमारी की कोशिश है। बहरहाल यह देखने वाली बात होगी कि क्या 8 मार्च को होने वाले मतदान में यादव वोट बैंक भाजपा के खाते में जमा होगा या नहीं।

रविवार को किया था रोड शो
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को वाराणसी में रोड शो किया था जो तकरीबन साढ़े तीन घंटे चला, जिसके बाद पीएम ने काशी विद्यापीठ में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था, उन्होंने कहा था कि प्रदेश के सांसद मेरे पास आते हैं और अपने ही अंदाज में यूपी के बारे में बताते हैं, वो कहते हैं कि यूपी में यहां भी खुदा, वहां भी खुदा और जहां नहीं खुदा वहां कल खुदेगा। वहीं शनिवार को भी पीएम काल भैरव के दर्शन करने पहुंचे थे जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी।












Click it and Unblock the Notifications