'CM योगी से नाराज हुए PM मोदी, टीवी बनी वजह'
'एंटी रोमियो के नाम पर भाई-बहन को पीटा जा रहा है। धर्म के नाम पर नफरत फैल रही है। बीजेपी गाय का सहारा ले रही है।'
इलाहाबाद। 'यूपी में योगी सरकार सफल न हो इसलिए पीएम मोदी के नजदीकी नेता सहयोग नहीं कर रहे हैं। योगी सरकार कानून व्यवस्था में फेल हो इसके लिए पीएम मोदी के नेता ही असहयोग आंदोलन चला रहे हैं।' ये बातें आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने कही है। वो शुक्रवार की शाम इलाहाबाद पहुंचे थे। यहां वो आम आदमा पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए। फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप की नई रणनीति के तहत केंद्र की मोदी सरकार पर ताबड़तोड़ हमले किए। बता दें कि वो शुक्रवार को शंकर लाल मेमोरियल हॉल में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

TV पर छाए योगी
संजय सिंह ने कहा कि जब से यूपी में योगी सरकार आई है। टीवी स्क्रीन से पीएम मोदी की छुट्टी हो गई है। इस बात से पीएम नाराज हैं कि योगी टीवी पर उनसे ज्यादा क्यों दिख रहे हैं? इसलिए योगी सरकार को पीएम के नजदीकी नेता सहयोग नहीं कर रहे।
सहारनपुर के लिए बीजेपी जिम्मेदार
आप नेता ने यूपी के सहारनपुर में हुई हिंसा पर सरकार को आड़े हाथों लिया। संजय सिंह ने कहा कि पिछले 40 दिनों से सहारनपुर हिंसा की आग में जल रहा है। उसे रोकने के लिए असफल प्रयास किया गया है। इसके लिए कहीं न कहीं बीजेपी की सरकार और उसके कार्यकर्ता जिम्मेदार हैं। बीजेपी के अंदर खींचातान मची हुई है। पार्टी अपने अंदरूनी मसले ही नहीं सुलझा पा रही तो वो सहारनपुर को क्या संभालेगी। सीएम योगी का सहयोग नेता नहीं कर रहे। जिसका खामियाजा उत्तर प्रदेश की जनता भुगत रही है।

लड़ेंगे निकाय चुनाव
संजय सिंह ने एलान किया है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में होने वाले स्थानीय निकाय के चुनाव में आम आदमी पार्टी भी अपने प्रत्याशी उतारेगी। मजेदार बात ये है कि दिल्ली में जब नगर निगम का चुनाव हुआ तो आप को करारी हार मिली। ऐसे में वो यूपी में क्या गुल खिलाएगी? आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। हत्या, दुष्कर्म और दंगे चार गुना बढ़े हैं।
योगी सरकार सपा-2 है
संजय सिंह ने योगी सरकार पर सपा-2 की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूपी में अपराधमुक्त होने की बजाए ढाई महीनों में हत्या, दुष्कर्म की बाढ़ आ गई है। 40 दिन से सहारनपुर झुलस रहा है। टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी हो रही है। भाजपा नेता थाने में घुसकर अधिकारियों को धमका रहे हैं। महिला दरोगा से दुष्कर्म हो जा रहा है। एंटी रोमियो के नाम पर भाई-बहन को पीटा जा रहा है। धर्म के नाम पर नफरत फैल रही है। बीजेपी गाय का सहारा ले रही है। हिंदूवादी संगठन गौरक्षा के नाम पर लोगों को पीट रहे हैं। अब तो पिछली सरकार से भी ज्यादा विकट परिस्थिति उत्पन्न हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications