Darbhanga Express के यात्रियों ने सुनाई दिल दहलाने वाली आपबीती.. कहा- "पहले धमाका, धुंआ और फिर..."
छठ पूजा पर नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस ट्रेन से बिहार जा रहे लोगों पर उस वक्त आफत बरस पड़ी, जब यूपी के इटावा के पास अचानक ट्रेन में आग लग गई। इस दौरान ट्रेन में हजारों लोग सवार थे, जिन्होंने बमुश्किल कूद-कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, घटना में 8 लोग बुरी तरह से झुलस भी गए हैं। वहीं एक यात्री ने दिल दहला देने वाली आपबीती सुनाते हुए बताया कि आखिर हादसा कैसे हुआ और लोगों ने कैसे अपनी जान बचाई।
बता दें कि जब ट्रेन इटावा से कुछ किलोमीटर दूर सराय भोपत रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के S1 कोच से धुआं उठने लगा। यह देखकर स्टेशन मास्टर ने तुरंत ट्रेन को रोक दिया। कुछ ही देर में भीषण आग लग गई, जो बगल के S2 कोच तक पहुंच गई। साथ ही आग लगने के बाद ट्रेन में भगदड़ मच गई।

इस दौरान ट्रेन में मौजूद दरभंगा निवासी रामशंकर मुखिया ने जानकारी देते हुए बताया कि "जिस सीट पर हम बैठे थे, वहां से अचानक पहले गैस लीक हुई और फिर आग लग गई। पहले उन्होंने अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग ने भयानक रूप ले लिया। जिसके बाद बोगी में भगदड़ मच गई। इसी बीच मैंने ऊपर से छलांग लगा दी।"

वहीं दिल्ली से दरभंगा जा रही दूसरी यात्री ने बताया कि करीब 5 बजे, जब उनके बच्चे मोबाइल में खेल रहे थे और वो आराम कर रही थीं, तभी अचानक पहले धमाका हुआ और फिर धुंआ हुआ। धुएं के बाद एकाएक ट्रेन में आग लग गई। भगदड़ में मेरा बेटा और पति खिड़की से कूद गए। मेरे साथ मेरे पति, मम्मी और बच्चे थे। मेरे पति को गंभीर चोटें आईं हैं।

इस बीच इटावा सदर से भाजपा विधायक सरिता भदौरिया ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायल हुए लोगों का हालचाल लिया है। उनका कहना है कि प्रशासन के लोग मौजूद हैं। घायलों के इलाज और उनके घर तक पहुँचाने की व्यवस्था की जा रही है। हादसे की वजह के बारे में उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है, हालाँकि प्रार्थीमिक जानकारी के अनुसार सिलेंडर फटने की बात सामने आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications