उत्तर प्रदेश: अस्पताल के बाहर इंतजार, ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, अंतिम संस्कार तक में दिक्कतें
लखनऊ, 25 अप्रैल: बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराती दिख रही हैं। राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार के तमाम दावों के बावजूद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना मरीजों को पहले तो अस्पताल में दाखिले के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। अस्पताल में बेड मिल रहा है तो ऑक्सीजन का संकट है। ऑक्सीजन प्लांटों के बाहर लगातार लंबी लाइनें लखनऊ में दिख रही हैं। इतना सब के बाद जिन लोगों की मौत हो जा रही है, उनके अंतिम संस्कार के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा है।
Recommended Video

ऑक्सीजन के लिए मारामारी
राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि ऑक्सीजन की कमी नहीं है। इसके बावजूद रविवार को राजधानी लखनऊ में आरके ऑक्सीजन प्लांट और बीकेटी में लंबी लाइनें लगी रहीं। ना सिर्फ लखनऊ बल्कि दूसरे शहरों में भी ऑक्सीजन को लेकर लोग काफी परेशान दिख रहे हैं।

कानपुर और दूसरे बड़े शहरों की स्थिति भी अच्छी नहीं
लखनऊ के अलावा कानपुर, मेरठ और दूसरे शहरों से भी ऐसी तस्वीरें आई हैं, जिसमें ऑक्सीजन के लिए लोग परेशान दिख रहे हैं। शमसान से भी जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, वो विचलित करने वाली हैं। कानपुर के भैरव घाट कई -कई लाशें खुले में पड़े हुए और जलते हुए देखी जा सकती हैं। इन सब तस्वीरों को शेयर करते हुए ना सिर्फ विपक्षी दल बल्कि आम लोग भी योगी सरकार के ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा होने और सब ठीक होने के दावे पर सवाल कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़े हैं संक्रमण के मामले
उत्तर प्रदेश में तेजी से कोरोना संक्रमण बढ़ा है। शनिवार को उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 38055 नए केस मिले हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं एक दिन में 223 मौतें हुई हैं। प्रदेश में अब तक 10959 मरीजों की मौत कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। देश में भी कोरोना के नए मामले हर रोज बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में नए मामलों की संख्या अब साढ़े तीन लाख पर पहुंच गई है। वहीं एक दिन में संक्रमण से मौतें भी अब 2500 से ज्यादा हो रही हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया है कि बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 3,49,691 नए मामले सामने आए हैं और 2767 मरीजों की मौत हुई है। एक दिन में नए मामलों और कोरोना से होने वाली मौतों का ये नया रिकॉर्ड है।












Click it and Unblock the Notifications