Jhansi: 7 बजे के बाद खाना खाने वाले 1000 लोग बीमार, हर अस्पताल में मरीज... हर घर में चीख-पुकार
उत्तर प्रदेश के झांसी में आयोजित त्रयोदशी में शामिल सैकड़ों लोगों की खाना खाने से हालत बिगड़ गई है। आलम ये था कि कि गांव के घर-घर में चीख-पुकार मच गई थी। त्रयोदशी का आयोजन करने वाले पूर्व प्रधान व उसके परिवार और खाना बनाने वाले हलवाइयों समेत कई सौ लोगों का क्षेत्र के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
बता दें कि झांसी स्थित ग्राम वरोदा में शनिवार शाम को पूर्व प्रधान लाखन सिंह राजपूत के यहां आयोजित त्रयोदशी संस्कार में भोजन का इंतजाम भी किया गया था। इस भोज कार्यक्रम में पांच गांव से 3 हजार से अधिक ग्रामीण शामिल हुए थे। लेकिन यहां शाम 7 बजे के बाद पहुंचे जिस किसी व्यक्ति ने खाना खाया, उनकी तबीयत बिगड़ गई।

दरअसल, त्रयोदशी संस्कार में भोजन शाम पांच बजे शुरू हो गया था। शुरुआती दो घंटों में कन्या भोज व ब्राह्मण भोज हुआ। इसके अलावा इस दरम्यान दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने भी भोजन किया। इन सभी की सेहत ठीक है। लेकिन जिन्होंने भी शाम सात बजे के बाद खाना खाया, उन सभी की तबीयत खराब हो गई। स्थित यह थी कि गांव के घर-घर में चीख-पुकार मची हुई थी।

ग्राम वरोदा के ज्यादातर परिवारों के सभी सदस्य बीमार हैं। त्रयोदशी का आयोजन करने वाले पूर्व प्रधान व उसके परिवार के भी सभी सदस्य बीमार हैं। खाना बनाने वाला हलवाई मोंठ निवासी सिया कुशवाहा व उसके सहयोगी की भी हालत बिगड़ी हुई है। 100 से अधिक मरीजों को मोंठ और समथर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती किया गया है। यहां उन्हें ग्लूकोस चढ़ाया जा रहा है।

वहीं इसके अलावा आसपास के अन्य अस्पतालों में भी लोग इलाज करा रहे हैं। झांसी के मेडिकल कॉलेज व निजी अस्पतालों में भी ग्रामीण इलाज के लिए पहुंचे हैं। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि सभी मरीजों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार की शिकायत है। हालाँकि, सभी की स्थिति सामान्य है। कई मरीजों को डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय बनी हुईं हैं।












Click it and Unblock the Notifications