UP के एक तिहाई गांवों में पहुंचा कोरोना, सरकार का ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षण पर जोर
लखनऊ, 20 मई। देश भर में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश में कहर बरपा रखा है। खास बात यह है कि पिछले साल आई पहली लहर में शहर ज्यादा प्रभावित रहे थे लेकिन इस बार कोरोना गांवों में भी पहुंच चुका है। देश में सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश, जिसकी बड़ी आबादी गांवों में रहती हैं, में 32 प्रतिशत गांवों से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। राज्य के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने ने ये जानकारी दी है।

प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य के 89,512 गावों में टेस्टिंग ड्राइव की गई थी जिसमें 28,742 गांवों में कोरोना वायरस संक्रमण के पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं।
'68 प्रतिशत गांवों में कोरोना नहीं'
द हिंदू की खबर के मुताबिक अधिकारियों ने बताया है कि 32 प्रतिशत गांवों में संक्रमण के मामले रिपोर्ट हुए हैं। इस तरह प्रदेश के 68 प्रतिशत गांवों ने खुद को कोरोना संक्रमण से बचाकर रखा है।
अमित मोहन प्रसाद ने कहा "हमारे 68% गांव अभी तक संक्रमण से अछूते हैं। हमारी कोशिश यह सुनिश्चित करना है कि इन गांवों तक संक्रमण न पहुंचे।"
इस दौरान राज्य में कोरोना वायरस के नए मामलों में कमी देखी गई है। राज्य में बुधवार को 7336 कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं लेकिन हर रोज होने वाली मौतों की संख्या 280 के ऊपर बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 24 घंटे में संक्रमण के चलते 282 मौतें दर्ज की हैं।
गांवों में परीक्षण पर जोर
अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य के मुताबिक कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का ध्यान राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षण पर है, ताकि गांवों में कोरोना वायरस के प्रसार को रोका जा सके। राज्य सरकार ने पिछले 24 घंटों में 2.99 लाख सैंपल का परीक्षण किया है जो कि एक दिन में उच्चतम आंकड़ा है।
राज्य में कोरोना से रिकवरी की दर 91.4 प्रतिशत हो गई है जबकि सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1.23 लाख हो गई है। प्रसाद के मुताबिक पिछले तीन दिनों में जिलों में लगभग 20 लाख दवा की किट वितरित की गई है।
यूपी पुलिस इस दौरान नदियों में 24 घंटे गश्त कर रही है ताकि लोगों को नदियों में शवों को प्रवाहित करने से रोका जा सके। अब तक पुलिस ने नदी में बहते गाजीपुर में 16, बलिया में 11, चंदौली में 8, वाराणसी में 7 और कानपुर व हमीरपुर में एक-एक शव बरामद किया है।












Click it and Unblock the Notifications