यूपी के सीएम बनने के सवाल पर क्या कहा अमित शाह ने?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने खुद के सीएम बनने के सवाल पर यह जवाब दिया।
नई दिल्ली। पांच में से चार राज्यों में सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार शाम प्रेस वार्ता की। इस दौरान उनसे पूछा गया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री कौन होगा?
इस पर शाह ने कहा कि कल (रविवार,12 मार्च) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित कार्यालय आएंगे और यहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद संसदीय दल की बैठक में इसका फैसला होगा।

शाह ने कहा कि पार्टी योग्यता के आधार पर नेता चुनेगी। हालांकि बतौर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री अपना नाम उठाए जाने पर शाह ने कहा कि मेरे पास बहुत काम है भैया और मैं यूपी का वोटर भी नहीं हूं। शाह ने कहा कि मैं यूपी का सीएम नहीं बनूंगा।
यह बात दीगर है कि एग्जिट पोल में भाजपा को मिल रहे बहुमत के बाद से ही यह सवाल उठने लगे थे कि यदि भाजपा जीती तो सीएम कौन होगा? इस सूची में गोरखपुर से सांसद महंथ आदित्यनाथ, गाजीपुर से सांसद मनोज सिन्हा, लखनऊ के मेयर दिनेश शर्मा , लखनऊ से सांसद और गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मथुरा से हाल ही में चुने गए श्रीकांत शर्मा और अमित शाह का नाम सामने आया था।
संभावना जताई जा रही थी कि पीएम मोदी शाह पर दांव खेल सकते हैं। जानकारों का कहना था कि मोदी के काम करने की शैली से यह अंदाजा है कि वो अपने पसंद के शख्स को सीएम बनाएंगे। ऐसे में शाह का नाम भी सामने आया। हालांकि शाह ने खुद इससे इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें: तो क्या इस बार भी पीएम मोदी जाएंगे वाराणसी और करेंगे मां गंगा की आरती












Click it and Unblock the Notifications