UP MLC Election Result 2026: काशी में हार पर रार! Dy CM केशव मौर्या को राजभर की दो टूक, चिंता नहीं चिंतन करें
UP Kashi MLC Election 2026 Row: उत्तर प्रदेश की सियासत में अपने तीखे तेवर और बेबाक बोल के लिए मशहूर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के उपमुख्यमंत्री को सार्वजनिक नसीहत देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। बलिया जिले के सोहांव ब्लॉक में आयोजित कृषि मेले में पहुंचे राजभर ने विधान परिषद (MLC Election) चुनावों में समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा व्यक्त की गई चिंता पर सीधा पलटवार किया।
प्रदेश के स्नातक निर्वाचन के 6 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 5 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनाव में समाचार लिखे जाने तक भाजपा के खाते में 5 जबकि सपा के खाते में 3 सीटें गई हैं। बाकी सीटों पर मतगणना जारी है लेकिन वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार की हार पर गठबंधन में संग्राम छिडा हुआ है।

वाराणसी में भाजपा की हार के बाद एनडीए के गठबंधन सहयोगी राजभर ने दो टूक शब्दों में कहा कि उपमुख्यमंत्री मौर्य को समाजवादी पार्टी की जीत पर चिंता करने के बजाय चिंतन करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं के मतदान व्यवहार को लेकर एक ऐसा विवादित दावा कर दिया, जिसने न केवल विपक्षी दलों बल्कि खुद भारतीय जनता पार्टी के रणनीतिकारों को भी असहज कर दिया है।
काशी में हार पर रार - अयोध्या के बाद सत्ताधारी दल को एक और झटका
दरअसल, हाल ही में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी सीट पर समाजवादी पार्टी की जीत दर्ज हुई। भाजपा के तमाम दिग्गज मंत्रियों और विधायकों के सघन प्रचार अभियान के बावजूद इस प्रतिष्ठित सीट पर सपा की सफलता के बाद प्रदेश की राजनीति में भाजपा की तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे थे। इसी पृष्ठभूमि में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयानों को लेकर जब बलिया में मीडिया ने राजभर से सवाल पूछा, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
याद दिलाते चलें कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी तरह अयोध्या से जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय जनता पार्टी को समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अवधेश प्रसाद ने जोर का झटका दिया था। हालांकि बाद में हुए मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र और सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद को हराकर भगवा दल का परिताप कुछ कम जरूर हुआ था। एक बार फिर वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद का में मिली पराजय ने न केवल शिक्षित वर्ग में पार्टी की साख बल्कि गठबंधन में समन्वय की कमी को भी उजागर कर दिया है।
वाराणसी एमएलसी चुनाव (Kashi MLC Election) में बीजेपी उम्मीदवार की हार के बाद ओमप्रकाश राजभर ने कहा, "एमएलसी के चुनाव से विधानसभा चुनाव का कोई सीधा लेना-देना नहीं होता है। दोनों चुनावों का मिजाज और वोटिंग पैटर्न बिल्कुल अलग है।" उन्होंने आगे दावा किया कि विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक चुनाव सीमित और खास वर्ग के मतदाताओं के बीच लड़े जाते हैं, जबकि आम विधानसभा चुनाव पूरी जनता का चुनाव होता है।
पढ़े-लिखे लोग वोट नहीं डालते, छुट्टियां मनाते हैं?
अपने बयान में सबसे तीखा और विवादास्पद तर्क रखते हुए ओम प्रकाश राजभर ने आम मतदाताओं की साक्षरता और मतदान प्रतिशत पर टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव जब आते हैं, तो तथाकथित पढ़े-लिखे और संभ्रांत वर्ग के लोग पोलिंग बूथ तक वोट डालने जाते ही नहीं हैं, बल्कि वे उस दिन को छुट्टी मानकर आराम करते हैं या छुट्टियां मनाने निकल जाते हैं।
राजभर के इस बयान से तुरंत यह बड़ा सियासी सवाल खड़ा हो गया कि क्या सत्ताधारी गठबंधन केवल कम पढ़े-लिखे, ग्रामीण और वंचित वर्ग के मतदाताओं के भरोसे ही चुनाव जीतता है? दो दशक के पत्रकारीय अनुभव और राजनीतिक विश्लेषण के आधार पर मेरा यह मानना है कि पारंपरिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी का एक बड़ा आधार शहरी, मध्यमवर्गीय और शिक्षित मतदाता रहा है। ऐसे में राजभर का यह कहना कि 'पढ़े-लिखे लोग वोटिंग के दिन मौज-मस्ती करते हैं', खुद एनडीए के वोटबैंक विमर्श पर अजीबोगरीब सवाल खड़े करता है।
'चिंता नहीं, चिंतन की जरूरत': राजभर के निशाने पर कौन?
राजभर का यह कहना कि "हार पर चिंता नहीं, चिंतन करें केशव प्रसाद मौर्य।" सुभासपा प्रमुख का यह कथन उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग (OBC) की राजनीति के दो प्रमुख चेहरों के बीच चल रही अंदरूनी खींचतान को भी सतह पर लाता है। केशव प्रसाद मौर्य जहां भाजपा संगठन और सरकार दोनों में पिछड़ों के सबसे कद्दावर नेता माने जाते हैं, वहीं ओम प्रकाश राजभर पूर्वांचल में गैर-यादव ओबीसी, विशेषकर राजभर बिरादरी पर अपनी मजबूत पकड़ का दावा करते हैं।
अमूमन जब भी भाजपा या गठबंधन को किसी उपचुनाव या निकाय/परिषद स्तर पर झटके लगते हैं, तो संगठन के भीतर समीक्षा और चिंता की बात उठती है। लेकिन राजभर का सार्वजनिक तौर पर यह कहना कि चिंता छोड़ चिंतन करिए - यह संदेश देने का प्रयास है कि जो जमीनी कमियां हैं, उन्हें खुले दिल से स्वीकार कर सुधारना होगा, न कि केवल बयानबाजी में चिंता दिखानी होगी।
2027 के समीकरणों को साधने की जुगत
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दलों ने अभी से अपनी गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं। समाजवादी पार्टी जहां पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले के जरिए हर छोटे-बड़े चुनाव में भाजपा को घेरने का मौका तलाश रही है, वहीं एनडीए अपने सहयोगियों के साथ सामाजिक संतुलन बनाए रखने में जुटा है।
बलिया के सोहांव कृषि मेले में दिए गए इस बयान के जरिए राजभर ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं। पहला, उन्होंने कार्यकर्ताओं को यह आश्वस्त करने की कोशिश की कि विधान परिषद के नतीजों का 2027 के विधानसभा चुनाव पर रत्ती भर असर नहीं पड़ेगा। दूसरा, उन्होंने यह जता दिया कि एनडीए गठबंधन में शामिल होने के बावजूद वे अपनी ही सरकार के शीर्ष नेतृत्व को आईना दिखाने से पीछे नहीं हटेंगे।
अब देखना होगा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य या भाजपा का शीर्ष संगठन राजभर की इस मुफ्त की 'चिंतन' वाली सलाह और पढ़े-लिखे मतदाताओं पर उनके इस विवादित विश्लेषण पर क्या रुख अपनाता है। वैसे दिलचस्प बात यह भी है कि राजभर अपने लंबे राजनीतिक जीवन में सूबे की सियासत के त्रिकोण - बसपा-सपा-भाजपा के साथ काम कर चुके हैं। चुनावपूर्व तोल-मोल और नए गठबंधन की कवायद में सिद्धहस्त राजभर की अगली चाल का इंतजार उनके सहयोगी ही नहीं विरोधी भी करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
