उत्तर प्रदेश: विधायक की फर्जी फेसबुक आईडी बना आपत्तिजनक पोस्ट
लखनऊ। मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक उमेश मलिक ने पुलिस से की शिकायत में कहा है कि उनके नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट डाली जा रही हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान हो रहा है। मलिक ने सोमवार शाम सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर डीके त्यागी से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

विधायक की तहरीर पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 66 आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने ये मामला साइबर सेल को सौंप दिया है। उमेश मलिक ने बताया है कि किसी ने फेसबुक पर उनका फर्जी अकाउंट बना लिया है, जिसमें फोटो भी उन्हीं की लगाई गई है। उन्होंने बताया कि इस आईडी से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट की जा रही हैं।
भाजपा नेता ने बताया है कि कुछ परिचितों के माध्यम से उन्हें फेसबुक पर अपने नाम से अकाउंट होने और उस पर गलत तरह के पोस्ट होने की जानकारी मिली, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की। मामले में मुजफ्फरनगर एसपी ने साइबर सेल के पुलिसकर्मियों को शीघ्र जांच कर आरोपी को पता लगाने के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications