यूपी में सरेराह दो युवकों को उतारा गया मौत के घाट, यहां 12 घंटे के अंदर हुईं ये वारदातें
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में जिला सुल्तानपुर में फिर दो लोगों की हत्या हुई है। ये हत्याएं 12 घंटे के अंदर अंजाम दी गईं, जिनमें एक को रंजिश के चलते निशाना बनाया गया। हत्यारों ने बंदूक एवं लाठी-डंडों के साथ एकत्रित हो, दोनों को अलग-अलग स्थानों पर घेरा। इन वारदातों से स्थानीय लोगों में कोहराम मच गया। जिसके बाद यहां पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई।

इंटरमीडिएट के स्टूडेंट समेत 2 को मारा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अम्बेडकर नगर ज़िले के सीमावर्ती थाने अखंड नगर क्षेत्र में एक इंटरमीडिएट के छात्र को गोली मारी गई। मृतक नीलेश यादव अपने गांव बड़ौरा ख्वाजापुर से निकल कर नगरी गांव के विद्यावती गर्ल्स डिग्री कालेज के पास से गुजर रहा था, वहीं बाइक सवार 2 बदमाशों ने उसके सिर पर दो गोलियां दाग दीं। गोलियां नीलेश के सिर को आर-पार कर गईं और वह अचेत अवस्था में वहीं गिर पड़ा। जब तक ग्रामीण मदद को पहुंचते काफी मात्रा में खून बह चुका था। आनन-फानन में लोग उसे सीएचसी अखण्ड नगर लाया गया। जहां डाक्टरों नें उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद तनाव पूर्ण स्थित
वारदात के बाद तनाव को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस तैनात हो गई। कादीपुर सीओ डीपी शुक्ला नें बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी परिजनों से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर आते ही मुकदमा दर्ज करेंगे।

रंजिश के चलते पीट-पीटकर दूसरी हत्या
बल्दीराय थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की रंजिश के चलते पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात नरेश पांडेय का पुरवा मौजा रैंचा की है। जगनारायण पाठक और संतोष पांडेय उर्फ करिया (32) पुत्र भभूती प्रसाद के बीच विवाद चल रहा था। 30 अक्तूबर को संतोष पांडेय ने अपने परिवारी जनों के साथ मिलकर जगनारायण की पिटाई कर दी थी। जगनारायण का अभी इलाज चल रहा है। आरोप है कि रविवार को जगनारायण के पुत्र सुरेंद्र व अन्य ने मिलकर संतोष पांडेय की उस समय जमकर पिटाई कर दी जब वह शाम को घर लौट रहा था। डीह गांव के पास घेरकर हमलावरों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इस घटना में गंभीर रूप से घायल संतोष को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सक ने संतोष को मृत घोषित कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications