Ramji Lal Suman: 'मैं झुकने वाला नहीं, सच्चाई के लिए लड़ता रहूंगा', अलीगढ़ में हमले के बाद बोले सपा सांसद
Ramji Lal Suman news: अलीगढ़ में रविवार को हुए हमले के बाद समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने सोमवार को मीडिया से खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का ढीलापन उन लोगों को बढ़ावा दे रहा है जो राज्य में माहौल बिगाड़ना चाहते हैं।
सुमन ने दो टूक कहा कि उन पर हमले की कई कोशिशें की गईं, लेकिन उनका हौसला नहीं डगमगाया। उन्होंने साफ किया कि हमले और धमकियों से वह न तो झुकेंगे और न ही टूटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों को सरकार की ओर से संरक्षण मिल रहा है।

सांसद ने यह भी कहा कि जब भी दलितों, कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होगा, वह आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने बुलंदशहर में दर्ज मुकदमे को भी षड्यंत्र करार दिया और कहा कि यह सब उन्हें चुप कराने की साजिश का हिस्सा है।
सुरक्षा न मिलने पर जताई नाराजगी
रामजी लाल सुमन ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति, गृहमंत्री, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, डीजीपी यूपी और गृह सचिव से सुरक्षा की मांग की थी। बावजूद इसके एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई सुरक्षा नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि अब उन्हें केवल हाईकोर्ट से ही न्याय और सुरक्षा की उम्मीद है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा न देना भी एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है, जिससे उनका मनोबल तोड़ा जा सके।
पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए
सांसद ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग उनके ऊपर जानलेवा हमला करने आए थे, उन्हें रातोंरात छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि अपने अपराधों पर पर्दा डालने के लिए पुलिस उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे लिख रही है।
रामजी लाल सुमन ने कहा कि सच्चाई को दबाने और उनके विरोध को खत्म करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी बताया।
प्रेसवार्ता के दौरान सपा सांसद ने कहा कि जिस तरह से सुनियोजित ढंग से हमला किया गया, उससे लगता है कि सरकार उनकी हत्या करवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस साजिश के पीछे राजनीतिक संरक्षण भी है।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी 26 मार्च को करणी सेना ने उनके आवास पर हमला किया था, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ है कि हमलावरों को पुलिस और सरकार का समर्थन प्राप्त है।
तलवारें लहराते हुए प्रदर्शन का जिक्र
रामजी लाल सुमन ने बताया कि 12 अप्रैल को गढ़ी रामी में करणी सेना ने खुलेआम प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तलवारें और बंदूकें लहराईं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक विशेष वर्ग के हौसले बुलंद हो गए हैं और पुलिस-प्रशासन उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार पर होगी।












Click it and Unblock the Notifications