वाराणसी: रात में सास-बहू का डबल मर्डर, रहस्य गहराया, उलझी पुलिस
सास और बहू के मर्डर के पीछे हत्यारों का क्या मकसद हो सकता है, यही अभी तक पुलिस भी नहीं समझ पा रही है और परिजन भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
वाराणसी। शनिवार की रात में भेलूपुर इलाके में बहुत बेरहमी से हत्यारों ने सास और बहू को मार डाला। परिजन ने दोनों की लाशें घर में देखी तो पुलिस को खबर की। अभी तक की जांच के बाद पुलिस भी हत्या का मकसद समझ नहीं पाई है और डबल मर्डर केस का रहस्य और गहरा गया है।

वाराणसी में भेलुपुर थाना अन्तर्गत गिरी नगर कॉलोनी में यह दिल दहलाने वाला कांड हुआ है। यहां एक चार मंजिला मकान में सास और बहू की खून से सनी लाश मिली। इस बिल्डिंग में अवनीश तिवारी, अपनी माँ अन्नपूर्णा देवी, पत्नी कल्पना और छोटे भाई अंकित के साथ रहता था।

अवनीश के अनुसार, शनिवार की शाम में अंकित अपने काम से घर से निकला पर रात करीब 9 बजे के बाद जब वो घर आया तो उसने देखा दोनों की लाशें ग्राउंड फ्लोर पर बाथरूम के पास पड़ी थी। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अंकित ने बताया है कि उसके घर से किसी तरह की कोई लूट नहीं हुई है और न ही किसी से दुश्मनी है। ऐसे में इस हत्या का कारण वो खुद नहीं समझ पा रहा है।
पुलिस ने अब तक की जांच में पाया है कि लूट की नीयत से हत्या नहीं की गयी है। हत्यारे ने घर के किसी सामान को हाथ तक नहीं लगाया है। इन दोनों महिलाओं की हत्या किसी नुकीली चीज से सर पर वार करने से हुई है और हत्या घर के अलग - अलग कमरों में हुई। फिर लाश को घसीटकर एक जगह रखा गया यानि हत्यारे का मकसद सिर्फ इन्हें मारना था। पुलिस और फोरेंसिक टीम इस डबल मर्डर केस के रहस्य को सुलझाने में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications