तीन तलाक रोकने के लिए मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का मॉडल निकाहनामा
सहारनपुर। एक साथ तीन तलाक देने के गलत तरीके को रोकने के लिए अब मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड मॉडल निकाहनामे का सहारा लेगा। बोर्ड की हैदराबाद में होने वाली अहम बैठक में देशभर से शिरकत करने वाले सभी मसलकों के उलेमा एकमत होकर मॉडल निकाहनामे पर चर्चा के बाद मोहर लगा सकते हैं। मॉडल निकाहनामे का देवबंदी उलेमा भी खुलकर समर्थन कर रहे हैं।

तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने की तैयारी में सरकार
देशभर में इन दिनों तीन तलाक को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ी हुई है। सरकार इसके खिलाफ बाकायदा कानून बनाने की तैयारी में है जिसका मुस्लिम संगठनों द्वारा खुलकर विरोध किया जा रहा है। ऐसे हालात के बीच इस्लाम में एक साथ तीन तलाक के गलत तरीके को रोकने के लिए अब मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने मॉडल निकाहनामे का सहारा लेने का मन बनाया है। मॉडल निकाहनामे के जरिये निकाह के समय ही लड़के को इस बात पर सहमत होना होगा कि वह एक साथ तीन तलाक नहीं देगा।

उलेमाओं के सामने निकाहनामे को पेश किया जाएगा
हाल ही में बोर्ड की हैदराबाद में होने वाली बैठक में सभी मसलों के उलेमा के सामने मॉडल निकाहनामे को पेश किया जाएगा जिस पर विचार-विमर्श के बाद सहमति की मोहर लग सकती हैं। मॉडल निकाहनामे पर देवबंदी उलेमा भी सहमत हैं। उलेमा का कहना है कि यदि मॉडल निकाहनामा पहले ही अस्तित्व में आ जाता तो आज सरकार को तीन तलाक के नाम पर शरीयत में दखलअंदाजी करने का मौका ही न मिलता।

एक साथ तीन तलाक देना गलत तरीका
रविवार को ऑल इंडिया तंजीम उलेमा ए हिंद के प्रदेशाध्यक्ष मौलाना नदीमुल वाजदी ने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड पूर्व में भी मॉडल निकाहनामे को सभी मसलकों के उलेमा के सामने पेश कर चुका है। गफलत की वजह से इस लागू नहीं किया जा सका था। मौलाना ने कहा कि अब भी बहुत देरी नहीं हुई है। मॉडल निकाहनामे पर आपसी सहमति से सभी मसलकों के उलेमा को चर्चा कर मोहर लगा देनी चाहिए जिससे तीन तलाक देने के गलत तरीके पर रोक लगाई जा सके। मदरसा दारुल उलूम अशरफिया के मोहतमिम मौलाना अशरफ कासमी ने कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड कुरान सुन्नत की रोशनी में मुस्लिमों की रहनुमाई करने वाली जमात है। कहा कि मुस्लिम पर्सनल-लॉ-बोर्ड एक साथ तीन तलाक से बचाने के लिए यदि कोई पहल करता है तो सभी उलेमा को उसका खुलकर समर्थन करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications