Ganga Expressway: मेरठ से प्रयागराज तक नहीं लगेगा टोल! गंगा एक्सप्रेसवे पर कब तक FREE में दौड़ेंगी गाड़ियां?
Ganga Expressway Toll News: उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे और बहुप्रतीक्षित 'गंगा एक्सप्रेसवे' पर अब गाड़ियों ने फर्राटा भरना शुरू कर दिया है। प्रदेशवासियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि अगले 15 दिनों तक इस 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर सफर करने के लिए आपको अपनी जेब से एक भी रुपया नहीं निकालना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'मजदूर दिवस' के अवसर पर प्रदेश की जनता को यह बड़ा तोहफा देते हुए 15 दिन तक फ्री सफर का ऐलान किया है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 29 अप्रैल को हरदोई से इस आधुनिक मार्ग का लोकार्पण किया था। आइए जानतें हैं गंगा एक्सप्रेसवे पर कब-से टोल देना होगा और दरें क्या होंगी?

कैबिनेट बैठक में टोल दरों का औपचारिक प्रस्ताव पास होने तक वाहन चालकों को यह राहत मिलती रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, टोल की वसूली 15 दिन बाद शुरू की जाएगी, जो सीधे आपके फास्टैग से कटेगी। इस एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी खासियत इसका 'हाईटेक टोल सिस्टम' है, जहां एंट्री और एग्जिट को छोड़कर आपको कहीं रुकना नहीं पड़ेगा। 120 किमी/घंटा की रफ्तार से आप महज 5 से 6 घंटे में मेरठ से प्रयागराज पहुंच जाएंगे।
ड्राइवर को झपकी आई तो सड़क खुद देगी चेतावनी
सिर्फ रफ्तार ही नहीं, गंगा एक्सप्रेसवे सुरक्षा के मामले में भी मिसाल है। लंबी दूरी की ड्राइविंग में अक्सर ड्राइवरों को नींद या झपकी आने का खतरा रहता है, जिससे हादसे होते हैं। इससे निपटने के लिए सड़क पर जगह-जगह 'रंबल स्ट्रिप्स' (उभरी पट्टियां) लगाई गई हैं। जैसे ही गाड़ी इन पर से गुजरेगी, एक कंपन (vibration) पैदा होगा जो ड्राइवर को तुरंत अलर्ट कर देगा। साथ ही, देश में पहली बार किसी एक्सप्रेसवे पर हर 1 किमी पर सीसीटीवी और ट्रॉमा सेंटर की सुविधा दी गई है।
किस दिन से देना होगा टोल?
योगी सरकार द्वारा मजदूर दिवस (1 मई) को किए गए इस ऐलान के बाद, गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहन चालक 15 मई 2026 तक मुफ्त सफर का आनंद ले सकेंगे। इसके ठीक बाद, यानी 16 मई 2026 से एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स की वसूली अनिवार्य रूप से शुरू हो जाएगी।
किसे कितना देना होगा टोल? (जरूरी जानकारी)
जब 15 दिनों का फ्री सफर खत्म होगा, तब वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय की गई ये दरें लागू होंगी:
- कार, जीप और हल्के वाहन: ₹1800 (लगभग ₹2.50 प्रति किमी)
- बाइक और रजिस्टर्ड ट्रैक्टर: ₹905
- बस और ट्रक: ₹5720
- हल्के व्यावसायिक वाहन (मिनी बस): ₹2840
- भारी मशीनरी (7 या अधिक एक्सल वाले वाहन): ₹11265 तक
यह एक्सप्रेसवे न केवल मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बदायूं और प्रयागराज समेत 12 जिलों को जोड़ेगा, बल्कि शाहजहांपुर में बनी 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी के जरिए आपात स्थिति में लड़ाकू विमानों की लैंडिंग के लिए भी तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications