Meerut Metro: खुशखबरी, 22 फरवरी से शुरू हो रही मेरठ मेट्राे, चेक करें क्या होगा रूट, स्टेशन और समय?
Meerut Metro: मेरठ में मेट्रो सर्विस 22 फरवरी को शुरू हो रही है, इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पीएम मोदी शहर की नई मेट्रो सेवा और दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ साउथ तक 'नमो भारत' कॉरिडोर (RRTS) के अंतिम खंड का शुभारंभ करेंगे। जिससे मेरठ उत्तर प्रदेश का सातवां मेट्रो शहर बन जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
यह उद्घाटन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर लंबी RRTS लाइन के निर्माण को पूरा करेगा। प्रधानमंत्री मोदी मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप स्थल पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह परियोजना आधुनिक शहरी परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम है।

2019 में शुरू हुआ यह 23 किलोमीटर लंबा प्रोजेक्ट, जिसमें 13 स्टेशन शामिल हैं, सात साल में साकार हो रहा है। मेरठ मेट्रो का पहला चरण मोदीपुरम से मेरठ साउथ के 13 स्टेशनों को जोड़ेगा। मोदीपुरम डिपो में मेरठ मेट्रो के लिए एक अलग सुविधा भी बन रही है। यह मेरठ के बढ़ते शहरी बुनियादी ढांचे जैसे एक्सप्रेसवे, फ्रेट कॉरिडोर और रिंग रोड में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मेरठ मेट्रो के कौन से होंगे 13 स्टेशन?
मेरठ में मेट्रो 23 किलोमीटर मार्ग पर सभी 13 स्टेशनों के साथ चलेगी। मेरठ मेट्रो के 13 स्टेशनों में मोदीपुरम, मोदीपुरम डिपो, मेरठ उत्तर, डौरली, एमईएस कॉलोनी, बेगम पुल, भैसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दीनगर, रिठानी, परतापुर और मेरठ साउथ शामिल हैं। मेरठ साउथ स्टेशन से यात्री सीधे रैपिड रेल पकड़कर दिल्ली या गाजियाबाद जा सकेंगे।
मेरठ मेट्रो स्टेशन पर क्या होंगी सुविधाएं?
हर स्टेशन पर पेयजल, वॉशरूम और दिव्यांगों हेतु अनुकूल सुविधाएं होंगी। 7 मिनट के अंतराल पर मेट्रो से यात्रियों का इंतजार कम होगा। मेरठ मेट्रो के स्टेशन एलिवेटेड, अंडरग्राउंड व भूतल पर निर्मित हैं। दूसरे चरण में 13 किलोमीटर का अतिरिक्त ट्रैक बिछाया जाएगा।
मेरठ मेट्रो टाइमटेबल
मेरठ मेट्रो सोमवार से शनिवार सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। रविवार को सेवा सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध होगी। पीक आवर में ट्रेनें 5 से 10 मिनट के भीतर आएंगी, वहीं सामान्य समय में 10 से 15 मिनट का अंतराल होगा।












Click it and Unblock the Notifications