विषकन्या बनी पत्नी! वैन ड्राइवर प्रेमी के लिए पति को सांप से डसवाया, मौत का ऐसा जाल कि कांप जाए रूह
Meerut Hastinapur Wife Kills Husband News Hindi: गंगा नदी के किनारे पर बसा मेरठ का हस्तिनापुर शहर महाभारत काल से कई कहानियों का गढ़ रहा है। कभी कौरवों की राजधानी तो कभी वो जगह जहां युधिष्ठिर जुए में द्रौपदी सहित अपना सब कुछ हार गए थे। वर्तमान में मशहूर टूरिस्ट स्पॉट बने इसे शहर से एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक स्कूल संचालक को उसी की प्रिंसिपल पत्नी ने मौत के घाट उतार दिया।
दो साल के प्रेमी के चक्कर में पहले परिवार के खिलाफ जाकर की गई 7 साल पुरानी लव मैरिज का रंग फिंका पड़ गया। कई बार पति की हत्या की प्लानिंग रची, लेकिन सांप की एंट्री ने पत्नी की साजिशों को अंजाम दिया। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे खुली पत्नी की पोल?

मामला हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है। यहां एक किराए के मकान में कृष्णा किड्स प्ले स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) अपनी पत्नी दामिनी (30) और एक 6 साल के बेटे के साथ रहते थे। दामिनी भी स्कूल की प्रिंसिपल निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि भंडोरा गांव निवासी अतुल को डबल एमए (M.A.) और बीएड (B.Ed.) पास दामिनी से प्यार हो गया था। उस वक्त अतुल एक प्राइवेट नौकरी करते थे।
परिवार के खिलाफ जाकर अतुल ने 7 साल पहले लव मैरिज की। दोनों एक ही बिरादरी के थे, तो परिवार वाले भी बाद में मान गए। वक्त बीता और दामिनी ने पुरोहित का बहाना बनाकर ज्वाइंट फैमिली से अलग रहने की बात कही। अतुल ने किराए पर मकान लेकर पत्नी के साथ शिफ्ट हो गए। चार साल पहले अतुल ने नौकरी छोड़कर हस्तिनापुर में प्ले स्कूल शुरू किया। यहीं से बदलने लगी पूरी कहानी।

वैन ड्राइवर से हो गया पत्नी को इश्क, पति को रास्ते से हटाने की तगड़ी प्लानिंग
दो साल पहले यानी 2024 में हस्तिनापुर निवासी तुषार पायला नाम के वैन ड्राइवर की स्कूल में एंट्री हुई। 10 हजार रुपये महीने की सैलरी और पहले से शादीशुदा तुषार की दोस्ती स्कूल की ही प्रिंसिपल दामिनी से हो गई। धीरे-धीरे नजदीकियां ऐसी बढ़ीं कि बात शादी तक पहुंच गई। लेकिन, दामिनी के लिए रास्ते का रोड़ा था उसका पति अतुल। अब दोनों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए प्लानिंग शुरू कर दी।

कार से टक्कर, खाने में नशीली गोलियां, हर बार फेल
पुलिस के मुताबिक, दामिनी पिछले एक साल से पति अतुल को ठिकाने लगाने की साजिश रच रही थी। कुछ दिन पहले अतुल को आर्टिगा कार से टक्कर मारी गई। घर पर खाने में नशीली गोलियां मिलानी शुरू कर दी। अतुल को इसकी भनक लगी तो, उसने दामिनी की मां से शिकायत तक की। कई बार तबीयत बिगड़ने पर अतुल को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
सांप से उसवाने की प्लानिंग, पति का खेल तमाम
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 की रात दामिनी ने अतुल के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। गहरी नींद में अतुल के सोते ही पहले से बनाई गई योजना को अंजाम दिया गया। दामिनी ने तुरंत प्रेमी वैन ड्राइवर तुषार को कॉल करके दो सपेरों सोनू और उदय को करैत सांप (भारत के चार सबसे जहरीले सांपों में से एक) के साथ बुलाया। सांप को कमरे में ही छोड़ दिया गया। दामिनी ने प्रेमी को भगा दिया और खुद दूसरे कमरे में बेटे को लेकर सोने चली गई। 17 जुलाई सुबह 6 बजे दामिनी ने हो-हल्ला करके रोते हुए सबको जमा किया। बताया कि सांप ने पति को मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सांप और डेडबॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
एक चूक से खुल गई पत्नी की पोल, गिरफ्तार-अब जेल
मेरठ पुलिस (Meerut Police) की पूछताछ में दामिनी का सारा भेद खुल गया। उसने बताया कि गर्मी की वजह से दूसरे रूम में सोने गई। पुलिस को शक हुआ और फोन कॉल की जांच में दामिनी और प्रेमी तुषार के बीच चली घंटों बातचीत ने हत्याकांड की खौफनाक साजिश से पर्दा हटा दिया। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि तुषार ने गिरफ्तारी के बाद सारी साजिश कबूल ली। साजिश में शामिल दोनों संपेरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को जेल भेज दिया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
