आरक्षण के मुद्दे पर आक्रामक दिखी मायावती, BJP-कांग्रेस और सपा को यूं लिया आड़े हाथों
UP News: बीएसपी सुप्रीमो मायावती इन दिनों आरक्षण के मुद्दे पर काफी आक्रामक है। वो दलितों के सहारे हरियाणा विधानसभा चुनाव और यूपी विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की नैया पार करने का प्लान तैयार कर रही हैं। यही वजह है कि मायावती लगातार आरक्षणा के मुद्दे को उठा रही है।
आरक्षण के मुद्दे पर एक बार फिर बीएसपी सुप्रीमो मायावती का बयान सामने आया है। मायावती ने अपने X हैंडल पर लिखा, 'एससी/एसटी आरक्षण में वर्गीकरण व क्रीमीलेयर का नया नियम लागू करने के माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिनांक 1 अगस्त 2024 के निर्णय के विरुद्ध जन अपेक्षा के अनुसार पुरानी व्यवस्था बहाल रखने के लिए केंद्र द्वारा अभी तक भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाना यह अति-दुःखद व चिन्ताजनक।'

इतना ही नहीं, उन्होंने आगे लिखा, 'इसको लेकर 21 अगस्त के भारत बंद के बावजूद अगर केन्द्र इसमें जरूरी सुधार के लिए गंभीर नहीं तो यह सोचने वाली बात है। पहले मा.कोर्ट में लचर पैरवी और अब उसको लेकर संविधान संशोधन बिल नहीं लाने से साबित है कि बीजेपी का एससी/एसटी आरक्षण विरोधी रवैया पूर्व की तीव्रता के साथ बरकरार है।'
इस मामले में कांग्रेस, सपा व इनके इण्डी गठबंधन की भी चुप्पी उतनी ही घातक। इससे यह फिर से साबित है कि SC/ST वर्गों के सही हित, कल्याण व उत्थान के मामले में दोनों ही पार्टियां व इनके गठबंधन एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं तथा इन वर्गों का हित अम्बेडकरवादी बीएसपी में ही सुरक्षित है।
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद सभी राजनीतिक दल हरियाणा विधानसभा और यूपी में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस के साथ ही बसपा ने भी उपचुनाव लड़ने का एलान करने के साथ ही तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस बीच ऐसी खबर सामने आ रही है कि बीएसपी ने 27 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। मायावती द्वारा बुलाई गई ये बैठक संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से अहम मानी जा रही है। इस बैठक में यूपी की 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर रणनीति बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications