दूल्हे की बहन ने कहा, भाभी मोटी है डांस कैसे करेगी और फिर...
शादी टूटने की आपने अभी तक कई वजहें सुनी होंगी, लेकिन पहली बार एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें दूल्हे पक्ष ने दुल्हन को मोटी बताकर रिश्ता तोड़ दिया।
गाजियाबाद। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के साहिबाबाद में शादी टूटने का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दूल्हे पक्ष ने लड़की को 'मोटी' बताकर शादी करने से इंकार कर दिया। हालांकि जांच करने पर सच्चाई सामने आई और पता चला कि वर पक्ष लड़की वालों से दहेज में लग्जरी गाड़ी की डिमांड कर रहा था, जिसे वधु पक्ष ने ठुकरा दिया था। डिमांड पूरी ना होने पर लड़के वालों ने लड़की को मोटी बताकर जब शादी तोड़नी चाही तो होने वाली दुल्हन ने छत से छलांग लगा दी।

दरअसल ये था पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक साहिबाबाद की शालीमार गार्डन कॉलोनी में रहने वाले एक शख्स ने अपनी बेटी की शादी दिल्ली के त्रिलोक नगर में रहने वाले एक युवक से नवंबर 2016 में तय की थी। शादी तय होने के बाद से ही दूल्हा पक्ष लगातार दहेज में लग्जरी गाड़ी की डिमांड कर रहा था। इस दौरान गोद भराई और सगाई वगैरह की रस्में भी हुईं। इन सबके बीच नवंबर 2017 में शादी होना तय हो गया।

दहेज नहीं मिला तो दूल्हा करने लगा बहानेबाजी
गुरुवार को दूल्हे का पिता, मां, बहन और जीजा लड़की के घर पहुंचे। बातचीत के दौरान लड़के वालों ने एक बार फिर दहेज में लग्जरी गाड़ी की डिमांड की। इस पर लड़की के पिता ने साफ शब्दों में कह दिया कि वो शादी में गाड़ी नहीं दे सकते। इसके बाद लड़के के परिजनों ने शादी तोड़ने के लिए बहानेबाजी शुरू कर दी। लड़की के भाई का आरोप है कि दूल्हे की बहन ने कहा, 'लड़की मोटी है, वो उसके भाई के साथ डांस कैसे करेगी?' यह सब बातें लड़की ने सुन ली और मकान की पहली मंजिल से छलांग लगा दी।

थाने पहुंचा मामला, लड़की को आईं काफी चोटें
परिजनों ने लड़की को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस वर पक्ष के लोगों को थाने ले गई। थाने में बातचीत से तय हुआ कि जिस पक्ष का जितना खर्चा हुआ है, दूसरा पक्ष वो खर्च देगा। इसके अलावा अगर लड़की पक्ष मामले की तहरीर देता है तो कार्रवाई की जाएगी। उधर लड़की के मुंह, कंधे, हाथ और पैर में काफी चोटें आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications