UP News: कोतवाली के सामने लगाई आग.. फिर नाले में कूदा युवक, होमगार्डों का नहलाते Video Viral
हाथरस में एक छात्र ने दबंगों से परेशान होकर कोतवाली के सामने मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। आग लगाने के बाद युवक गंदे नाले में कूद गया। जिसके बाद पुलिसकर्मी उसे अस्पताल लेकर गए, जहां पहले उसे नहलाया गया। इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस जिले के कोतवाली सदर क्षेत्र के नाई का नगला निवासी 20 वर्षीय राम पुत्र राकेश की मोहल्ले में परचून की दुकान है। वहीं पर एक मेडिकल स्टोर की दुकान भी है। आरोप है कि मेडिकल स्टोर वाला राम को छेड़ता था और परेशान करता था। इसी से परेशान होकर युवक ने कोतवाली सदर पहुंचकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़का और आग लगा ली।

यह नजारा देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। इससे पहले की पुलिसकर्मी कुछ कर पाते, आग की लपटों से घिरा युवक खुद ही पास के नाले में कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद पुलिसकर्मी युवक को लेकर फौरन बागला संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पहले उसे पानी की टंकी बिठाकर 2 होमगार्डों ने नहलाया।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक का उपचार चल रहा है और वह अभी पूरी तरह से स्वस्थ है। वहीं मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि, युवक और उसके परिजनों से मामले को लेकर पूछताछ चल रही है। घटना के बाद से युवक की माँ का रो-रोकर बुरा हाल है।












Click it and Unblock the Notifications