Video: डांस फ्लोर पर आई मौत! बर्थडे पार्टी में मस्त नाच रहा था शख्स, अचानक गिरा और फिर नहीं उठा
नई दिल्ली, सितंबर 02। एक व्यक्ति के जीवन में मौत सबसे बड़ी सच्चाई और तल्ख़ हक़ीक़त है, जिसे कोई झूठला नहीं सकता। किसकी मौत कब और कहां लिखी है यह कोई नहीं जानता। हंसते-खेलते इंसान को कैसे मौत अपने आगोश में ले लेती है, यह आप इस वीडियो को देखने के बाद अच्छे से समझ सकते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो बरेली का बताया जा रहा है। इस वीडियो में एक शख्स डांस फ्लोर पर नाचते-नाचते अचानक से मौत के मुंह में चला गया।

बर्थडे पार्टी में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात डेलापीर के होटल ग्रांट में मानव सेवा क्लब के सदस्य विशाल मेहरोत्रा की बर्थडे पार्टी में यह हादसा हुआ। सरकारी विभाग में बतौर तकनीकी सहायक तैनात प्रभात कुमार उर्फ प्रेमी भी इस बर्थडे पार्टी में पहुंचे थे। खाना-पीना खाकर वो डांस फ्लोर पर नाच रहे थे।

हार्ट अटैक से हुई मौत!
डीजे पर'एक लड़की चाहिये खास-खास' गाना चल रहा था। प्रभात कुमार करीब सवा मिनट तक नाचते रहे और अचानक नाचते-नाचते वो सिर के बल फ्लोर पर ही गिर गए। यह नजारा देख पार्टी में मौजूद सभी लोगों के हाथ-पांव फूल गए। प्रभात कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रभात को हार्ट अटैक आया था।

परिवार है सदमे में
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बारे में अधिक जानकारी देते हुए डा. पागरानी ने बताया है कि प्रभात कुमार को सीवियर हार्ट अटैक आने की वजह से उनका हृदय पूरी तरह से डैमेज हो गया था, इसीलिए उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुक्रवार को प्रभात कुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार के लोग अभी तक इस हादसे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications