जौनपुर में बड़ा हादसाः 40 यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 8 की मौत
इलाहाबाद से आजमगढ़ जा रही रोडवेज की एक बस जौनपुर जिले के सिकरारा गांव के पास सई नदी पर बनी पुल की रेलिंग तोड़कर 30 फुट गहरे खड्डे में जा गिरी। बस में 30 से 40 यात्री सवार थे।
जौनपुर। इलाहाबाद से आजमगढ़ जा रही रोडवेज की एक बस जौनपुर जिले के सिकरारा गांव के पास सई नदी पर बनी पुल की रेलिंग तोड़कर 30 फुट गहरे खड्डे में जा गिरी। बस में 30 से 40 यात्री सवार थे। हादसे में आठ लोगों की मौत की अधिकारिक पुष्टि हुई है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। अभी भी कई लोग बस के नीचे दबे हुए हैं। हादसे में 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल बेहोशी की अवस्था में हैं। कुछ अन्य को हल्की चोटें आईं हैं।

गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना स्थल पर काफी देर तक चीख पुकार मची रही। नदी में बस गिरने पर सबसे पहले वहां के ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को निकाला गया। प्राइवेट बस और तीन एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मौके पर डीएम और एसपी पहुंच चुके हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक बस इलाहाबाद से वाया मुंगरा बादशाहपुर आजमगढ़ जा रही थी। तेज रफ्तार बस का हादसा जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर बरगुदर पुल के समीप हुआ। ऐसा अनुमान है कि अभी भी बस के नीचे लोग दबे हैं। उनको निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी। दोपहर बाद इनमें से कुछ मृतकों की शिनाख्त हो गई। उनमें ज्योति प्रताप सिंह-पवारा, धनीराम-करमपुर आजमगढ़ की पहचान उनके परिजनों ने की। बाकी के शिनाख्त की कोशिश की जा रही थी।
वहीं, जौनपुर के मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि इस हादसे की सूचना मिलते ही परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह लखनऊ से जौनपुर के लिए रवाना हो चुके हैं और उनके रात आठ बजे तक वहां पहुंचने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications