'कोई ट्रेन रद्द नहीं की गई', महाकुंभ भगदड़ के बाद नहीं रेलवे का बयान आया सामने
Mahakumbh Stampede: मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुंभ में भगदड़ मच गई। भगदड़ में 10 से ज्यादा लोगों की मौत होने की आशंका है। इस भगदड़ की घटना पर पीएम मोदी नजरें बनाए हुए हैं। इतना ही नहीं पिछले 2 घंटों में पीएम मोदी सीएम योगी आदित्यनाथ से 3 बार फोन पर बात भी कर चुके हैं। इस बीच खबर आई थी कि प्रयागराज आ रहीं कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है। साथ ही अगले आदेश तक सारी स्पेशल ट्रेनें भी रद्द कर दी गई है। लेकिन ऐसा नहीं है।
रेलवे के आला अधिकारियों के मुताबिक प्रयागराज महाकुंभ के लिए कोई स्पेशल ट्रेन को कैंसिल या रद्द नहीं किया गया है। सभी स्पेशल ट्रेनों का संचालक पहले जैसा यथावत जारी रहेगा।

Mahakumbh stampede: महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों पर रोक नहीं
प्रयागराज में महाकुंभ मेले में भगदड़ जैसी स्थिति के कुछ घंटों बाद भारतीय रेलवे के अधिकारियों ने कहा है कि प्रयागराज से आने-जाने वाली ट्रेनों का संचालन बंद नहीं किया गया है। इसके अलावा अधिकारियों ने कहा कि प्रयागराज से श्रद्धालुओं को वापस लाने के लिए खाली रेलवे रेक भेजे जा रहे हैं।
रेलवे बोर्ड के सूचना और प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, "हमने किसी भी ट्रेन के संचालन को नहीं रोका है, कोई रद्दीकरण नहीं किया गया है। चूंकि प्रयागराज में बहुत सारे श्रद्धालु हैं, इसलिए हम भीड़ को हटाने के लिए अपनी खाली रेक भेज रहे हैं। स्टेशन क्षेत्र को खाली करना अभी हमारी प्राथमिकता है।"
उन्होंने कहा, "हमने भीड़ को हटाने के लिए आज प्रयागराज से लगभग 360 ट्रेनों को स्थानांतरित करने की योजना बनाई है।" महाकुंभ में भगदड़ जैसी स्थिति महाकुंभ के दौरान बुधवार की सुबह संगम पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, क्योंकि मौनी अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए उमड़ पड़े।
इससे पहले बताया जा रहा था कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रयागराज तक की विशेष ट्रेनों को रोक दिया है। जिससे जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। हालांकि कहा गया था कि नियमित रेल सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन सभी विशेष ट्रेनें अगले आदेश तक निलंबित रहेंगी। लेकिन ऐसा नहीं है। किसी तरह की स्पेशल ट्रेन कैंसिल नहीं की गई है।
दावा किया गया था कि अत्यधिक भीड़ के मद्देनजर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रयागराज जाने वाली महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। हालांकि बाकी अलग रूट पर चलने वाली कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का चलना यथावत जारी है।
प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ाई
वहीं भगदड़ के बाद प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। संगम पर मौनी अमावस्या स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षित परिवहन की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आमद बहुत ज़्यादा है, अब तक 15 करोड़ से ज्यादा लोगों ने संगम में स्नान किया है। अकेले मौनी अमावस्या पर ही करीब 10 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान में हिस्सा लिया। 25 जनवरी से लेकर अब तक महाकुंभ में हर रोज करीब एक करोड़ यात्री आ रहे हैं।
स्टेशन प्रवेश और निकास प्रोटोकॉल
इस भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज रेलवे डिवीजन ने शहर के स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू किए हैं। ये उपाय मौनी अमावस्या से एक दिन पहले और दो दिन बाद प्रभावी होंगे। प्रयागराज जंक्शन में प्रवेश शहर की तरफ के दरवाजे और प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक सीमित है, जबकि निकास सिविल लाइंस और प्लेटफॉर्म नंबर 6 से है।
ये भी पढ़ें: Maha Kumbh Stampede: महाकुंभ में भगदड़, कई घायल, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
आरक्षित टिकट धारक शहर की तरफ गेट नंबर पांच से प्रवेश कर सकते हैं, जबकि अनारक्षित यात्री प्रवेश के लिए दिशा-वार रंग-कोडित आश्रयों का उपयोग करेंगे। इन आश्रयों में अनारक्षित टिकट काउंटर, एटीएम और मोबाइल टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अतिरिक्त भीड़ के दबाव को देखते हुए खुसरो बाग में एक लाख लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। नैनी जंक्शन पर स्टेशन रोड से प्रवेश और माल शेड से निकास है। आरक्षित यात्री गेट नंबर दो से प्रवेश कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Mahakumbh Stampede: महाकुंभ मेले में मची भगदड़, इस टीवी एक्ट्रेस ने बताया मौनी अमावस्या से पहले कैसे थे हालात
इसी तरह प्रयागराज छिवकी स्टेशन तक पहुंचने के लिए प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे को जोड़ने वाली सीओडी रोड से जीईसी नैनी रोड पर निकास है। सूबेदारगंज स्टेशन में प्रवेश झलवा, कौशाम्बी रोड से है, जिसमें जीटी रोड की ओर निकास है; आरक्षित यात्री गेट नंबर तीन से प्रवेश करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications