Lucknow Cylinder Blast: लखनऊ में दनादन फटे 30 सिलेंडर, 50 झोपड़ियां खाक! 4 बच्चों की जलकर मौत?
Lucknow Cylinder Blast: यूपी की राजधानी लखनऊ से बुधवार शाम साढ़े 5 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां के विकासनगर सेक्टर-14 में एकाएक भीषण आग भड़क उठी। झुग्गी-झोपड़ियों के इलाके में लगी इस आग ने मात्र कुछ मिनटों में 50 से ज्यादा झोपड़ियों को राख कर दिया। आग की लपटों के साथ 30 से अधिक गैस सिलेंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर ताबड़तोड़ धमाकों के साथ फटे। आसमान में धुएं का गुबार छा गया और 10 किलोमीटर दूर तक लपटें दिखाई दीं। इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लोग चीखते-चिल्लाते बाहर निकले।
यह हादसा इतना विकराल था कि चारों तरफ रोने-धोने का माहौल बन गया। एक युवक ने दावा किया कि उसकी झोपड़ी में फंसे उसके 4 बच्चे जिंदा जलकर मौत की शिकार हो गए। अभी तक मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इलाके में मातम पसरा हुआ है। आसपास के 20 पक्के मकानों को खाली कराया गया। बिजली काट दी गई।

पूरा परिवार तितर-बितर, फायर ब्रिगेड की मशक्कत
आग इतनी तेजी से फैली कि लोग सामान बचाने का मौका भी नहीं पा सके। शमशुनिशां नाम की एक प्रभावित महिला रोते हुए बताती है कि आग लगने के समय पूरा परिवार घर में था। किसी का पता नहीं चल रहा। मेरा पूरा घर जलकर राख हो गया। मैं इधर-उधर परिवार वालों को ढूंढ रही हूं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। DG फायर सुजीत पांडे ने बताया कि बीकेटी और इंदिरा नगर से जितनी गाड़ियां उपलब्ध थीं, सभी को तुरंत भेजा गया। 20 से ज्यादा वाहनों ने काम किया। आग को आगे फैलने से रोक लिया गया। अभी भी 10 फायर टेंडर आग बुझाने में जुटे हैं। डीएम विशाख भी मौके पर हैं। डीएम ने बताया कि आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। प्रभावित परिवारों को रैन बसेरों में शिफ्ट किया जा रहा है। नुकसान का आकलन जारी है।
सरकारी अमला सक्रिय: CM योगी का तुरंत संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों को सख्ती से बचाव कार्य करने का आदेश दिया। लखनऊ पूर्व विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने प्रभावितों के लिए तत्काल मदद का भरोसा दिया है।
प्रभावित परिवारों की पीड़ा
- 50 से ज्यादा परिवार बेघर।
- सारा सामान, कपड़े, बर्तन, दस्तावेज - सब जलकर खाक।
- बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रो-रोकर अपना घर देख रहे हैं।
- कई लोग बार-बार जल चुकी झोपड़ियों में जाने की जिद कर रहे हैं, पुलिस उन्हें रोक रही है।
Lucknow Fire Cylinder Blast Reason: आग का कारण क्या?
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस लीक की आशंका जताई जा रही है। झुग्गी-झोपड़ियों में गैस सिलेंडर रखने की आम बात है, जो आग में फट गए। पुलिस और फायर विभाग कारण की जांच कर रहा है।
यह हादसा लखनऊ के झुग्गी-झोपड़ी इलाकों में सुरक्षा की कमी की ओर इशारा करता है। गैस सिलेंडर, बिजली कनेक्शन और घनी आबादी वाले इलाकों में ऐसे हादसे बार-बार होते रहते हैं। प्रशासन को अब स्थायी समाधान पर विचार करना होगा।













Click it and Unblock the Notifications