Lucknow Aliganj Fire: मौत के बीच बेजुबानों के लिए फरिश्ता बनी रेस्क्यू टीम, सामने आई दिल छू लेने वाली तस्वीर
Lucknow Aliganj Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
लेकिन इस त्रासदी के बीच एक ऐसी तस्वीर भी सामने आई जिसने लोगों का ध्यान खींचा। आग की चपेट में आई इमारत में मौजूद पेट शॉप और पशु क्लिनिक से कई बिल्लियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बेजुबान जानवरों की जान बच सकी।

जहां एक ओर बचाव दल लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटा था, वहीं दूसरी ओर उन्होंने उन जानवरों को भी नहीं भूला जो आग और धुएं के बीच इमारत में फंसे हुए थे। रेस्क्यू टीमों ने जोखिम उठाकर कई बिल्लियों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
एक ही इमारत में थे कोचिंग सेंटर, क्लिनिक और पेट शॉप
जानकारी के अनुसार, अलीगंज की जिस बहुमंजिला इमारत में आग लगी, वहां कई संस्थान संचालित हो रहे थे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके पर पहुंचकर बताया कि भवन में कोचिंग सेंटर, एनिमेशन सेंटर, पेट शॉप और पशु क्लिनिक सहित कई प्रतिष्ठान थे। आग लगने के समय इमारत में छात्र, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे। इसके अलावा पेट शॉप और क्लिनिक में पालतू जानवर भी थे, जिनके फंसने की आशंका थी।
धुएं और लपटों के बीच बेजुबानों को बचाने की जंग
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इमारत धुएं से भर गई। ऐसे में रेस्क्यू टीमों के सामने दोहरी चुनौती थी-लोगों की जान बचाना और अंदर फंसे जानवरों को भी सुरक्षित निकालना। दमकल कर्मियों और राहत दल ने पेट शॉप और क्लिनिक तक पहुंचकर वहां मौजूद बिल्लियों को बाहर निकाला। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि बिल्लियों को गोद में उठाकर और कैरियर बॉक्स में रखकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो इन बेजुबानों की जान बचाना मुश्किल हो सकता था।
खिड़कियों से कूदे छात्र, 15 की मौत से पसरा मातम
इस बहुमंजिला इमारत में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आग तेजी से फैली। आग लगते ही पूरी बिल्डिंग में बिजली कट गई और चारों तरफ अंधेरा छा गया। कोचिंग सेंटर के संकरे रास्तों में धुआं भरने के कारण छात्रों का दम घुटने लगा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ छात्र जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल की खिड़कियों से सीधे नीचे सड़क पर कूद गए।
हादसे के तुरंत बाद 22 लोगों को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने तक 15 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि 7 घायलों का इलाज जारी है, जो फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
मौत के साए में दिखी संवेदनशीलता की तस्वीर
अलीगंज का यह हादसा कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख छोड़ गया है। लेकिन इसी हादसे के बीच राहतकर्मियों द्वारा बिल्लियों को सुरक्षित निकालने की घटना ने इंसानियत और संवेदनशीलता की एक मिसाल भी पेश की। जब चारों तरफ धुआं, चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था, तब बेजुबान जानवरों की जिंदगी बचाने के लिए किया गया प्रयास लोगों के दिलों को छू गया। यह घटना याद दिलाती है कि आपदा के समय हर जीवन महत्वपूर्ण होता है चाहे वह इंसान का हो या किसी बेजुबान जीव का।













Click it and Unblock the Notifications