Loksabha 2024: अखिलेश के दावे पर RLD का पलटवार, रामाशीष राय बोले- सीटें तो स्टेयरिंग कमेटी तय करेगी
UP Politics: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के उस दावे पर राष्ट्रीय लोकदल ने सवाल उठाया है जिसमें उन्होंने कहा है कि लोकसभा चुनाव में यदि गठबंधन बना तो वह यूपी में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। आरएलडी का कहना है कि INDIA गठबंधन में शामिल कोई भी दल यह तय नहीं कर सकता है कि वह कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा। यह काम तो गठबंधन की स्टेयरिंग कमेटी का काम है। गठबंधन के सभी साथियों के साथ चर्चा के बाद ही यह तय होगा कि कौन कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने वनइंडिया से बातचीत के दौरान कहा कि,
वैसे तो सभी दल यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र हैं। हमारी तैयारी भी एक दर्जन लोकसभा सीटों की है। लेकिन सीटों के बंटवारे का काम तो स्टेयरिंग कमेटी करेगी। हर सीट पर जातीय समीकरण और विनिविलटी के आधार पर ही तय की जाएंगी। ऐसे में अभी कोई दल यह कहने की स्थिति में नहीं है हम इतने सीटों पर ही लड़ेंगे।
उनसे यह पूछे जाने पर कि अखिलेश यादव ने साफतौर पर कहा है कि उनकी पार्टी सहयोगियों के लिए केवल 15 सीट ही छोड़ेगी, इसपर राय ने कहा कि यह दावा अभी कोई नहीं कर सकता है। यह विधानसभा चुनाव नहीं है। यह लोकसभा का चुनाव है और जनता आशाभरी निगाहों से INDIA गठबंधन की तरफ देख रही है। काफी सोच समझकर सभी को आगे बढ़ना होगा। अन्यथा अकेले लड़ना है तो पूरा यूपी पड़ा है। कोई भी दल सभी सीटों पर चुनाव लड़ सकता है।
रालोद के एक अन्य राष्ट्रीय नेता ने भी दावा किया कि
अभी यूपी में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा यह कहना जल्दबाजी होगी। पिछले चुनाव के आंकड़ों के आधार पर तो समाजवादी पार्टी का दावा काफी कमजोर दिखायी देता है। पिछली बार मायावती के साथ मिलकर सपा ने करीब 40 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन केवल पांच ही जीत पाए। यदि उनके पास क्षमता थी तो उन्हें और सीटें जीतनी चाहिए थीं।
रालोद के इस राष्ट्रीय नेता ने कहा कि कांग्रेस भी दावा कर रही है कि वह भी 80 सीटों को लेकर अपनी तैयारी कर रही है। वैसे ही सपा भी अपने दावे कर रही है। राजनीतिक दल होने के नाते सभी दल 80 सीटों पर लड़ने की अपनी तैयारी कर रहे हैं और अपने संगठन को मजबूत कर रहे हैं लेकिन सीटें किसको कितनी मिलेंगी यह तो गठबंधन की स्टेयरिंग कमेटी तय करेगी।
अखिलेश ने किया था ये दावा
गौरतलब है कि लखनऊ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद अखिलेश ने कहा कि सपा अकेले दम पर यूपी में बीजेपी को हराने में पूरी तरह सक्षम है। अगर राज्य में चुनाव में बेईमानी नहीं होती तो पार्टी 2022 के यूपी चुनाव के बाद सरकार बना लेती। यदि 2024 में INDIA गठबंधन बनता है तो 80 में से 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 15 गठबंधन सहयोगियों के लिए छोड़ देगी।
सीटों को लेकर चल रहा बयानबाजी का दौर
आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के बीच कांग्रेस और सपा के बीच तनाव पैदा हो गया था जहां कांग्रेस ने सपा के साथ कोई सीट साझा नहीं किया। INDIA गठबंधन में चार घटक दल हैं एसपी, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और अपना दल (कमेरावादी) शामिल हैं। वह अखिलेश यादव सपा राज्य मुख्यालय में पार्टी की नवगठित राज्य कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications