बृज भूषण शरण सिंह को है टिकट कटने का दुःख! बेटे के लिए चुनाव प्रचार करने के दौरान क्यों हुए भावुक?
Lok Sabha Election: कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह चुनाव प्रचार के दौरान भावुक हो गए। इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनका टिकट काट कर उनके बेटे, करण भूषण शरण सिंह को उम्मीदवार बना दिया है। हालांकि बृज भूषण शरण सिंह बेटे के लिए जमकर चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे हैं लेकिन टिकट ना मिलने की दुःख अक्सर उनके चेहरे से झलक जाता है।
हाल ही में बेटे के साथ चुनाव प्रचार करने निकले बृज भूषण शरण सिंह गोंडा में एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान मंच पर ही भावुक हो गए। गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ दोनों पिता-पुत्र गोंडा में वोट मांगने पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करते हुए बृजभूषण अपने साथ षड्यंत्र होने की बात कह कर मंच पर रो पड़े।
यह भी देखें: Wrestlers Harassment Case: आगे की जांच के लिए बृज भूषण की याचिका खारिज, आरोप तय

मुसलमान हमारा ही खून हैं: बृजभूषण शरण
उन्होंने कहा, "डेढ़ साल से मेरे साथ षड्यंत्र किया जा रहा है। मेरे शरीर पर इतने वार हुए हैं कि ये शरीर अब पत्थर का हो चुका है, लेकिन मैं चुप नहीं रह सकता। अभी खेला होना बाकी है।"
बृज भूषण ने मुसलमानों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई कहे या ना कहे आप हमारा ही खून हो, आपका और हमारा डीएनए एक ही है। उन्होंने कहा, "अगर हम और आप अपना डीएनए चेक करें तो 5 पीढ़ी पहले तक का डीएनए सेम ही निकलेगा।" अपने संबोधन के दौरान बृजभूषण भावुक हो उठे और उनकी आंखों में आंसू आ गए।
मेरे राजनीतिक भविष्य को खत्म करने की साजिश
उन्होंने आगे कहा, "600 किलोमीटर दूर हरियाणा में बैठकर, जो हमारे खिलाफ षडयंत्र कर रहे हैं, वो मेरा राजनीतिक भविष्य खत्म करना चाह रहे हैं। इसलिए आपका वोट उनके गाल पर तमाचा के समान होगा। ये पहली बार नहीं हो रहा है। 1996 में भी हमारे से षडयंत्र हुआ था और अब 2024 में भी यही हो रहा है।"
बृज भूषण ने कहा, "एक पिता के लिए इससे बड़ी बात क्या हो सकती है कि उसका बेटा सांसद बने। मेरा बेटा भी 33 साल का है और मैं भी 33 साल की उम्र में सांसद बना था।" अपने भाषण के दौरान उन्होंने एक बार फिर सीएम योगी के बुलडोजर नीति की आलोचना की।
पांचवे चरण में होना है मतदान
कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा की तीन विधानसभा, तरबगंज, करनैलगंज, कटरा और बहराइच जिले की दो विधानसभा कैसरगंज और पयागपुर आते हैं। पिछले तीन बार से बृज भूषण शरण सिंह लगातार यहां से चुनाव जीतकर सांसद बनते आ रहे हैं। यहां पांचवे चरण में 20 मई को मतदान होना है। 2009 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। उसके बाद 2014 और 2019 में बतौर बीजेपी प्रत्याशी उन्हें जीत मिली।
यह भी देखें: ओड़िशा में गांव-गांव तक भाजपा का सघन प्रचार, छत्तीसगढ़ के मंत्री केदार कश्यप लगा रहे ग्रामीणों संग चौपाल












Click it and Unblock the Notifications