Lok Sabha Chunav: फर्स्ट टाइम वोटरों ने इन मुद्दों पर किया मतदान, कहा - विकास और रोजगार देने वाली बने सरकार
Lok Sabha Chunav 2024 Uttar Pradesh: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुक्रवार सुबह 7बजे से शुरु हो चुका है। उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। इन सीटों में अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा शामिल है। पहली बार मत डालने आए युवाओं में गजब का उत्साह दिखा। उन्होंने बताया कि वोट किन मुद्दों पर डाला है।
विकास के मुद्दे पर दिया वोट गौतमबुद्ध नगर की जानवी ने कहा कि मैं पहली बार वोट डाल रही हूं। इसे लेकर बहुत उत्साहित थी। वोट डालने से पहले ही मन में ये हो रहा था कि इस बार देश के लिए मैं भी अपना मत दूंगी। मैंने विकास के मुद्दे पर अपना मत दिया है।

सभी को मिले रोजगार गाजियाबाद के अर्थला के कैलाशवती स्कूल में मतदान करने के बाद निशा ने बताया कि मैंने पहली बार मतदान किया है। मुझे ऐसा लगता है कि देश सही दिशा में जा रहा है। रोजगार के लिए थोड़ा और कुछ करने की जरुरत है। इसी मुद्दे पर मतदान किया।
देश टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ा है मेरठ रोड स्थित सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित बूथ पर वंशिका ने मतदान किया। उन्होंने पहली बार वोट डाला और कहा कि मुझे एक अलग सी खुशी महसूस हो रही है। ऐसा लग रहा है मैं पहले से जिम्मेदार हो गयी हूं। देश में विकास की गति बढ़ी है। नई टेक्नॉलाजी का समावेश बढ़ा है। तकनीकी बढ़ी है। जो युवाओं के लिए जरुरी है।
सुरक्षा को लेकर दिया वोट हापुड़ के जैन कन्या इंटर कालेज में पहली बार वोट देने वाली सुरभि बताती हैं कि मैंने सुरक्षा को ध्यान में रखकर वोट दिया। बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा पहले से बढ़ी है। जब हम सुरक्षित रहेंगे तभी कैरियर में भी कुछ कर पाएंगे। इस लिए सुरक्षा बेहद जरुरी है।












Click it and Unblock the Notifications