VIDEO: कर्जमाफी के नाम पर किसानों से घूस लेता है ये लेखपाल
कर्जमाफी कराने के लिए खड़े किसानों से लेखपाल का पैसे लेते हुए किसी ने वीडियो बना लिया। इसके इसलिए लेखपाल उनके गांव आया और कहने लगा की लोन माफी के लिए दो सौ रुपए देने होंगे।
शाहजहांपुर। प्रदेश में फसल ऋण मोचन योजना के अंतर्गत किसानों की कर्जमाफी का काम चल रहा है। लेकिन इस योजना को सरकार के अधिकारी ही पलीता लगाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रख रहे हैं। ताजा मामला यूपी के शाहजहांपुर का है जहां किसानों से कर्जमाफी के नाम पर लेखपाल अवैध वसूली कर रहा है। कर्जमाफी के नाम पर किस तरह लेखपाल रिश्वत ले रहा है, ये आप वीडियो में देख सकते हैं। कर्जमाफी के नाम पर सौ से दो सौ रुपए लेखपाल गरीब किसानों से ऐंठ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है।
दरअसल ये वायरल वीडियो पुवायां तहसील के नगरिया गांव का है। जहां लेखपाल सुशील कुमार किसानों से कर्जमाफी के नाम पर अवैध वसूली कर रहा है। कुर्सी पर बैठे लेखपाल को इन गरीब किसानों से कोई मतलब नहीं है। मतलब है तो सिर्फ नोट से जो कागज देने के बाद उसके बदले मिलते रुपए अपनी जेब में रख रहा है। कर्जमाफी कराने के लिए खड़े किसानों से लेखपाल का पैसे लेते हुए किसी ने वीडियो बना लिया। पैसे देने वाले किसानों ने बताया कि उसका कर्जा माफ होना है। इसके इसलिए लेखपाल उनके गांव आया और कहने लगा की लोन माफ कराने के लिए दो सौ रुपए देना होगा।
पहले किसान ने दो सौ रुपए देने से इनकार कर दिया तो लेखपाल ने उसका कर्जा माफ करने का कागज बनाने से इनकार कर दिया। पीड़ित किसान के मुताबिक उसने पहले तो लेखपाल को सौ रुपए दिए लेकिन लेखपाल ने सौ रुपए लेने से इनकार दिया। उसके बाद उसने दो सौ रुपए लेखपाल को दिए। तब जाकर लेखपाल ने कर्जमाफी करने का उसका काम शुरू किया। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद एडीएम ने आरोपी लेखपाल को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए हैं।
एडीएम जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें लेखपाल पर कर्जमाफी करने को लेकर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। इसमें संबंधित एसडीएम ने आदेश दिया है कि लेखपाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर उसकी जांच करवाई जाए। उसके बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications