कम बारिश से नाराज किसान ने इंद्र देव के खिलाफ कर डाली शिकायत, 'एक्शन' के मूड में अधिकारी
लखनऊ, 19 जुलाई। एक तरफ जहां भारत के गुजरात, कर्नाटक समेत कई इलाकों में जहां बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं वहीं उत्तर भारत का इलाका बारिश के लिए तरस रहा है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा जैसे बड़ी कृषि भूमि वाले राज्यों में किसान बारिश का इंतजार करते-करते मायूस हो चुके हैं। यूपी में तो एक किसान कम बारिश से इतना ज्यादा दुखी हो गया कि वह बारिश के देवता इंद्र देव के खिलाफ शिकायत लेकर अधिकारियों के पास पहुंच गया।
Recommended Video


किसान की शिकायत पर अधिकारी भी एक्टिव
उत्तर प्रदेश के एक किसान ने बारिश के भगवान इंद्रदेव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जिसके कम बारिश और सूखे की स्थिति के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खास बात ये है कि एक वरिष्ठ राजस्व अधिकारी ने किसान की शिकायत पर कथित तौर पर इंद्र देव के खिलाफ एक्शन लेने की संस्तुति भी कर दी है।

सीधे इंद्र देवता के खिलाफ शिकायत
प्रदेश की सभी तहसील में हर शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। बीते शनिवार को गोंडा जिले की करनैलगंज तहसील में उस समय चौंकाने वाला मामला सामने आया जब झाला गांव निवासी सुमित कुमार यादव की शिकायत अधिकारियों के सामने पहुंची। उन्होंने अपनी शिकायत में सीधे इंद्र देवता को निशाने पर ले लिया था।

लिखा- पानी न गिरने से जनता परेशान
सुमित कुमार यादव ने अपने शिकायत पत्र में विषय के कॉलम में "पानी न बरसने व सूखा पड़ जाने का कारण" लिख रखा था। आगे शिकायत में उन्होंने लिखा "विगत कई माह से पानी नहीं गिर रहा है जिससे जनमानस बहुत ही परेशान है और जीव जंतु और खेती पर बहुत ही प्रभाव पड़ रहा है। वहीं घर में रह रहीं औरतें व छोटे बच्चे बहुत ज्यादा परेशान हैं। अतः श्रीमान जी से निवेदन है कि आवश्यक कार्रवाई करने की कृपा करें।

इंद्रदेव के खिलाफ एक्शन के लिए लेटर फॉरवर्ड
यहां तक तो ठीक है अब इसका सबसे मजेदार हिस्सा आता है। यह पत्र तहसीलदार के नाम लिखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक समाधान दिवस में बैठे राजस्व अधिकारी एनएन वर्मा ने इस शिकायत पत्र को आगे कार्रवाई के लिए अग्रसारित कर दिया। इससे तो यही समझ में आता है कि पत्र को बिना पढ़े ही आगे भेज दिया गया क्योंकि आखिर इंद्र देव के खिलाफ एक्शन और लेने वाला है। देखते ही देखते यह लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

राजस्व अधिकारी ने किया इनकार
लेटर वायरल होने के बाद जब यह मामला सुर्खियों में आ गया तो एनएन वर्मा ने अब इसे अग्रसारित किए जाने से इनकार किया है। यही नहीं उन्होंने इस मामले में डुप्लीकेट मुहर का आरोप लगाया है। स्थानीय मीडिया में वर्मा के हवाले से लिखा गया है कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। वायरल लेटर में दिख रही मुहर नकली है। उन्होंने बताया समाधान दिवस में आने वाली शिकायतें संबंधित विभाग को ही दी जाती है और इसे दूसरे विभाग को अग्रसारित नहीं किया जाता है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल जो लेटर वायरल है उसमें ऊपर अग्रसारित नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications