कासगंज हिंसा: चंदन गुप्ता की हत्या का मुख्य आरोपी सलीम गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के कासगंज में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान मारे गए युवक चंदन गुप्ता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सलीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कासगंज में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान मारे गए युवक चंदन गुप्ता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सलीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी सलीम के दोस्तों और रिश्तेदारों के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लिया हुआ था, जिसके बाद उसकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सलीम को पुलिस ने कासगंज के बाहरी इलाके से ही गिरफ्तार किया है। चंदन गुप्ता की हत्या के बाद पुलिस लगातार सलीम की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हत्या के मामले में 20 लोगों पर एफआईआर
गौरतलब है कि चंदन गुप्ता की हत्या के मुख्य आरोपी के घर पर मंगलवार को ही पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। चंदन की हत्या के मामले में 20 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें अभी तक 11 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हत्यारोपियों में तीन सगे भाई नसीम, वसीम और सलीम नामजद थे, जिनमें सलीम मुख्य आरोपी है। वहीं, हिंसा के मामले में दर्ज हुई छह अलग-अलग एफआईआर में 123 की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

राज्य में अराजकता बर्दाश्त नहीं: सीएम योगी
इससे पहले मंगलवार को ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि सरकार राज्य में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार या अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कासगंज हिंसा को लेकर सीएम योगी ने शाम को पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई। दूसरी तरफ कासगंज हिंसा को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से रिपोर्ट तलब की है।

गणतंत्र दिवस पर भड़की थी हिंसा
आपको बता दें कि यूपी का कासगंज इलाका उस वक्त हिंसा की आग में जल उठा, जब गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान चंदन गुप्ता नाम के युवक की हत्या कर दी गई। इससे पहले सोमवार को दिनभर माहौल शांत रहा, लेकिन रात को कुछ उपद्रवियों ने इलाके के मालगोदाम रोड पर कपड़े की एक दुकान में आग लगा दी। आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications