Kanpur Bank Controversy: ऋतु त्रिपाठी ने खोली आस्था सिंह के दावों की पोल, अब सामने आई पूरी सच्चाई
Kanpur Bank Controversy: कानपुर के एक बैंक में महिला कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी का मामला अब सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का विषय बन गया है। 6 जनवरी को हुए इस विवाद ने तब तूल पकड़ा जब बैंक कर्मचारी आस्था सिंह का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह कथित तौर पर यह कहते हुए नजर आईं-"मैं ठाकुर हूं, ज्यादा बकवास मत करो।"
वीडियो के वायरल होते ही मामला व्यक्तिगत विवाद से आगे बढ़कर जाति, कार्यस्थल की गरिमा और सार्वजनिक छवि से जुड़े सवालों में बदल गया। अब इस पूरे मामले पर ऋतु त्रिपाठी ने आस्था सिंह के दावों की पोल खोलते हुए वीडियो शेयर किया है...

Aastha Singh Viral video: वीडियो वायरल होने के बाद सामने आईं आस्था सिंह
वीडियो वायरल होने के बाद आस्था सिंह ने सामने आकर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक परिसर में उनसे ऊंची आवाज में सवाल पूछे गए और बातचीत के दौरान उनकी जाति के बारे में पूछा गया। आस्था का दावा है कि उनसे कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिसके जवाब में उन्होंने अपनी जाति बताई। उन्होंने यह भी कहा कि विवाद की जड़ सिर्फ इस्तीफे का मुद्दा नहीं था।
आस्था के मुताबिक, उसी दिन सुबह ऋतु त्रिपाठी की बहन बैंक आई थीं और किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बाद में दोपहर में इसी घटना को लेकर ऋतु त्रिपाठी अपने पति के साथ बैंक पहुंचीं, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।
आस्था ने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी से निकलवाने की धमकी दी गई और पूरे मामले को जानबूझकर जातीय और राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार, यह प्रकरण एक महिला कर्मचारी की गरिमा और कार्यस्थल की सुरक्षा से जुड़ा है।
Ritu Tripathi Mishra Statemen: ऋतु त्रिपाठी मिश्रा का आया जवाब
आस्था सिंह के बयान के बाद ऋतु त्रिपाठी मिश्रा का भी एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "नमस्कार, राधे-राधे। मैं ऋतु त्रिपाठी मिश्रा हूं। मायके से त्रिपाठी और ससुराल से मिश्रा हूं। जिन त्रिपाठियों के बारे में तथाकथित 'ठाकुर गर्ल' द्वारा बातें कही गईं और जिनकी बेइज्जती बताई गई, वह मैं ही हूं।"
ऋतु ने कहा कि जिन गालियों और धमकियों-यहां तक कि लैपटॉप मारने की धमकी-की बात की जा रही है, वे सब उन्हें और उनके परिवार को झेलनी पड़ीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इतने सब के बावजूद उन्होंने कोई वीडियो वायरल नहीं किया और न ही चर्चा में आने या नायिका की छवि बनाने की उनकी कोई इच्छा है। ऋतु ने खुद को ब्राह्मण बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी पहचान पर गर्व है और एक कानपुर की बेटी होने के नाते वह न्याय और सम्मान की अपेक्षा रखती हैं।
Bank Employees Dispute पर दोनों पक्षों के आरोप, अलग-अलग नजरिया
इस पूरे विवाद में दोनों पक्षों के बयान एक-दूसरे से अलग दिशा में जाते दिख रहे हैं। एक ओर आस्था सिंह कार्यस्थल पर कथित दबाव, धमकी और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे उठा रही हैं, वहीं दूसरी ओर ऋतु त्रिपाठी मिश्रा परिवार की प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचने की बात कह रही हैं। आस्था का यह भी कहना है कि मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और जाति के आधार पर राज्य सरकार को घसीटना उचित नहीं है।
सोशल मीडिया पर बहस तेज
मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा का सवाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे जाति आधारित बयानबाजी से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट है कि एक बैंक में शुरू हुआ यह विवाद अब सार्वजनिक बहस का विषय बन चुका है, जहां हर पक्ष अपनी-अपनी बात रख रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि बैंक प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या यह विवाद किसी निष्कर्ष तक पहुंच पाता है या सोशल मीडिया की बहस तक ही सीमित रह जाता है।












Click it and Unblock the Notifications