'जाति-धर्म देखकर लगा रहे झूठे मुकदमें', अखिलेश यादव ने कुछ यूं घेरा बीजेपी को
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को कन्नौज पहुंचे। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को आड़े हाथों लिया। साथ ही, अखिलेश ने पूछा कि यह कैसा लोकतंत्र है?
दरअसल, यूपी विधानसभा उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से अधिकारियों के तबादलों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। सपा द्वारा की गई शिकायत पर मीडियाकर्मियों ने अखिलेश यादव से सवाल किया।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा, '..जो लोग जाति और धर्म के नाम पर अधिकारियों को हटा रहे हों वो लोग जाति और धर्म देखकर झूठे मुकदमें भी तो लगा रहे हैं। कैसा लोकतंत्र है?
इतना ही नहीं, इसके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की गई है। इसके बावजूद भी PDA इन्हें(भाजपा) हराएगा। इतना ही नहीं, फर्रुखाबाद आत्महत्या मामले पर अखिलेश ने कहा, 'केवल फर्रुखाबाद ही नहीं, आज उत्तर प्रदेश में अगर आप अखबार उठाएंगे तो कई शहर हैं, जहां ऐसी ही शर्मनाक घटनाएं हुई हैं।'
इस सरकार में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। लगातार चेन स्नेचिंग हो रही है, व्यापारियों की हत्या हो रही है। फर्रुखाबाद में हुई घटना से पहले कन्नौज में भी ऐसी ही घटना हुई थी। पुलिस जो कहानी बता रही है, उसे परिजन स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। सरकार सो रही है और कानून व्यवस्था शून्य हो गई है।
मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज लोकसभा के सभी लोगों ने समाजवादी पार्टी की मदद की। इसके लिए मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं। जनता ने भाजपा को चुनाव में हराया। पीडीए, इंडिया गठबंधन की रणनीति का नतीजा यह हुआ कि भाजपा बहुत पीछे रह गई।
पता नहीं लखनऊ में बैठे लोगों को लाल रंग से नफरत क्यों है। लाल रंग हमारे देवताओं से जुड़ा है और भावनाओं से भी जुड़ा है और हमारे मुख्यमंत्री भावनाओं को नहीं समझ सकते। भावनाओं को समझने के लिए उन्हें बहुत सोचना पड़ेगा और उन्होंने कभी सद्भाव नहीं देखा, न ही उन्होंने दुनिया का भाईचारा देखा।
इसलिए वे लाल रंग के खिलाफ बोल रहे हैं। जय प्रकाश नारायण जी यह लाल टोपी लेकर आए थे। हमारे मुख्यमंत्री को इतिहास नहीं पता। तो वहीं, चुनाव आयोग से मुलाकात पर समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि यूपी में उपचुनाव होने जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की सरकार ने इन क्षेत्रों और संबंधित जिलों में बड़े पैमाने पर धांधली करने के उद्देश्य से पुलिस से लेकर नागरिक प्रशासन में ऐसे वर्ग के अधिकारियों को हटा दिया है जिन्हें समाजवादी पार्टी का समर्थक माना जाता है। जब सरकार की यह मंशा हो तो सरकार की ओर से चुनाव में धांधली होना तय है। हम इसी की शिकायत दर्ज करवाने यहां(चुनाव आयोग के कार्यालय) आए थे।












Click it and Unblock the Notifications