Jalaun News: पिता का एनकाउंटर कर बेटी की कराई शादी, पुलिस ने निभाया पिता का फर्ज, दिया खूब दहेज
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पुलिस ने पिता का एनकाउंटर कर दिया था, अब पुलिस ने उस पिता की बेटी की शादी धूमधाम से कराई। इतना ही नहीं पुलिस ने दहेज में बेड, सोफा और बाइक भी दी।
शादी के दौरान न सिर्फ दहेज दिया गया, बल्कि पुलिस की ओर से बारातियों की अच्छी खातिरदारी भी की गई। बेटी की शादी संपन्न होने के बाद पुलिस के इस काम को लेकर इलाके में जालौन पुलिस की जमकर तारीफ हो रही है।

दरअसल, पिछले साल 10 मई को उरई के हाईवे चौकी पर ड्यूटी में तैनात सिपाही भेदजीत सिंह की सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद पुलिस द्वारा इस मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई और चार दिन बाद 14 मई को पुलिस ने हत्या को अंजाम देने वाले सरसौखीं गांव निवासी रमेश रायकवार और उसके साथी कल्लू अहिरवार को एनकाउंटर में मार गिराया था।
बताया जा रहा है कि रमेश की दो बेटियां और एक बेटा था। एनकाउंटर के बाद जालौन पुलिस द्वारा रमेश की बेटियों और बेटे के परवरिश तथा शादी की जिम्मेदारी पुलिस द्वारा ली गई थी। बेटी शादी योग्य हुई तो उसके लिए वर खोजने के बाद परिजनों द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई।
ऐसे में पुलिस कर्मियों द्वारा उसके शादी का पूरा खर्च उठाया गया। झांसी जनपद के मगरौराके गांव निवासी माेनू रायकवार से रमेश के बेटी शिवानी की शादी तय थी। शनिवार को धूमधाम से बारात उरई जालौन रोड पर स्थित मैरिज हॉल में आई।
यहां पर पुलिसकर्मियों द्वारा बारातियों का स्वागत किया गया जिसमें एनकाउंटर करने वाली टीम में शामिल सीओ गिरीजा शंकर त्रिपाठी, कोतवाल शिवकुमार राठौर सिपाही अमित दुबे के साथ ही अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बारातियों के खाने पीने का प्रबंध भी पुलिस द्वारा किया गया था।
इतना ही नहीं धूमधाम से द्वार पूजा और हिंदू रीति रिवाज के अनुसार शादी संपन्न कराई गई। शादी संपन्न होने के बाद पुलिस द्वारा गृहस्थी में इस्तेमाल किए जाने वाले सामानों को भी दिया गया जिसमें मोटरसाइकिल, वाशिंग मशीन, फ्रिज, टीवी, सोफा, अलमारी, पलंग, गैस चूल्हा और बर्तन तथा मोबाइल आदि शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications