Israel Iran Conflict: कांग्रेस नेता अजय राय ने की मोदी सरकार से मांग, 'फंसे हुए भारतीयों की सुरक्षित वापसी हो'
Israel Iran Conflict: ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच कई भारतीय मिडिल ईस्ट के अलग-अलग देशों में फंसे हुए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने ईरान पर हुए हमलों को लेकर गहरा दुख जताया। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने की कोशिश होनी चाहिए। इससे पहले कई और सीनियर नेताओं ने भी भारतीयों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। जितनी जल्दी हो सके इसका कूटनीतिक समाधान ढूंढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल और अमेरिका का ईरान पर किया गया हमला बेहद दुखद है।

Israel Iran Conflict: अजय राय ने की केंद्र सरकार से मांग
उन्होंने ईरान और दूसरे देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी भाइयों, मित्रों और परिवारों की सलामती के लिए प्रार्थना की जा रही है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे मौलाना कल्बे जव्वाद से संवेदना व्यक्त करने पहुंचे हैं और पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं। लखनऊ में खामेनेई की मौत के बाद शिया समुदाय के लोगों ने शोक सभा का आयोजन किया है और सड़कों पर प्रदर्शन भी हो रहे हैं।
ईरान समेत कई देशों में फंसे हैं भारतीय
इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष का असर वैश्विक राजनीति पर भी नजर आ रहा है। दुबई, अबू धाबी समेत कई शहरों से फ्लाइट्स रद्द हैं और लोगों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ रहा है। ईरान, इराक, कुवैत, बहरीन समेत कई देशों में उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों के कामगार रहते हैं। बड़ी संख्या में मजदूर भी इन देशों में रहते हैं। सरकार ने इन सभी देशों में रहने वाले भारतीयों से दूतावास से संपर्क में रहने की अपील की है। भारत सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications