IRCTC: नेपाल के लिए 'धार्मिक यात्रा पैकेज' लॉन्च, कम लागत के इस अंतरराष्ट्रीय टूर के बारे में जानिए
लखनऊ, 1 मई: आईआरसीटीसी ने जून महीने में लखनऊ से नेपाल तक के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा पैकेज का इंतजाम किया है, जिसमें किफायती दर पर लोगों को नेपाल की धार्मिक यात्रा पर जाने का मौका दिया जा रहा है। देश में तो आईआरसीटीसी पिछले काफी समय से टूर पैकेज का आयोजन कर रहा है, लेकिन अबकी बार अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर फोकस किया गया है और वह भी धार्मिक टूरिज्म पर जोर देने के साथ। आईआरसीटीसी का कहना है कि अगर इस पैकेज का रेस्पॉन्स अच्छा मिला तो वह और भी ऐसे पैकेज लॉन्च करेगा।

आईआरसीटीसी का नेपाल टूर पैकेज
भारतीय रेलवे की इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने एक अंतरराष्ट्रीय धार्मिक यात्रा पैकेज लॉन्च किया है। आईआरसीटी के एक अधिकारी ने बताया है कि इसमें हवाई टूर के साथ लोगों को गर्मियों में नेपाल की धार्मिक यात्रा पर जाने का मौका दिया जा रहा है। 6 दिन और पांच रातों की यह धार्मिक यात्रा 19 जून से 24 जून के बीच होगी। आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के मुताबिक कार्यक्रम के अनुसार लोग लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से काठमांडू के लिए उड़ान भरेंगे।

कहां-कहां की यात्रा कर सकेंगे ?
नेपाल में यात्रियों को काठमांडू के पवित्र और प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन कराने के साथ ही, बौद्धनाथ स्तूप, दरबार स्कॉयर और पोखरा के अलग-अलग जगहों की यात्रा करवाने की योजना है। पोखरा में यात्रियों को जिन स्थलों पर ले जाने की बात है, उनमें मनकामना मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव गुफा के अलावा विंध्यवासिनी मंदिर भी शामिल हैं। इस यात्रा के दौरान यात्रियों को काठमांडू समेत नेपाल में हिमालय की चोटियां और सुंदरता से भरपूर प्रकृति के अद्भुत नजारों को देखने का मौका मिलेगा। गौरतलब है कि आईआरसीटीसी देश के अंदर कई तरह से ट्रेन-हवाई यात्रा पैकेज का आयोजना करवाता रहा है, लेकिन अंतराष्ट्रीय यात्रा पैकेज का यह नया प्रयोग है और इसके कामयाब रहने पर वह ऐसे और भी पैकेज आयोजित करवा सकता है।

यात्रा पैकेज की कीमत क्या है ?
सिन्हा के मुताबिक एक व्यक्ति को इस धार्मिक टूर के लिए 48,500 रुपये देने होंगे। लेकिन, अगर दो व्यक्तियों की बुकिंग एकसाथ होगी तो प्रत्येक से 39,000 रुपये ही लिए जाएंगे। इसी तरह से तीन यात्रियों की बुकिंग एक साथ करवाने पर प्रति व्यक्ति सिर्फ 38, 850 रुपये खर्च करने होंगे। लेकिन, ग्रुप में बुकिंग करवाने पर और भी ज्यादा रियायत दी जाएगी। यानी जो यात्री होटलों में अकेला ठहरेंगे उन्हें ज्यादा भुगतान करना होगा, डबल बेड वालों को उससे कम और तीन बेड वालों को उससे भी कम। जबकि, ग्रुप में ठहरने से यह यात्रा और भी किफायती हो जाएगी।

कैसे बुक करें आईआरसीटीसी यात्रा पैकेज ?
आईआरसीटीसी के मुताबिक पैकेज में थ्री-स्टार होटल में ठहरने का इंतजाम और भारतीय खाना (ब्रेकफास्ट/डिनर) भी शामिल है। सिन्हा ने कहा है, 'जैसा रेस्पॉन्स होगा, उसी आधार पर लखनऊ से नेपाल के लिए और ट्रिप की भी योजना तैयार की जाएगी।' उन्होंने बताया कि इस पैकेज के लिए बुकिंग आईआरसीटीसी के गोमतीनगर दफ्तर में करवाई जा सकती है या फिर आईआरसीटीसी के आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। नेपाल के लिए इस धार्मिक यात्रा पैकेज को लॉन्च करने से पहले आईआरसीटी शिमला-मनाली, धर्मशाला-डलहौजी, कश्मीर और लेह-लद्दाख के लिए भी ऐसे टूर पैकेज का आयोजन कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications