IMD UP Weather: उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम! इस दिन तेज आंधी और बारिश की संभावना, जाने ताजा अपडेट
IMD UP Weather forecast: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। जहां गर्मी अपने पूरे तेवर दिखाने को तैयार थी, वहीं हवाओं ने ठंडक घोल दी है। उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को असमय राहत तो मिली है, लेकिन ये राहत स्थायी नहीं है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही थी। परंतु, मौसम में आए अचानक बदलाव ने विशेषज्ञों को भी चौंका दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 अप्रैल को फिर से प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है।

इस बीच वातावरण में नमी का स्तर भी बढ़ा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह अब उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने लगी हैं, जिससे हवा में ठंडक घुल गई है। अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है, वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखी गई है।
हवा की दिशा बदली, तापमान की चाल भी
कानपुर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से थोड़ा ऊपर जरूर है, लेकिन तेज गर्मी का असर कम हो गया है। हवा की दिशा में आए बदलाव ने बड़ा असर दिखाया है।
मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि इस समय तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। एक ओर पश्चिमी विक्षोभ अब धीमा पड़ा है, वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं प्रदेश में मौसम को नर्म बनाए हुए हैं। हवा की रफ्तार भी 20-25 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच रही है।
इस दिन बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने चेताया है कि 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। इससे प्रदेश में फिर हलचल मच सकती है। 18 अप्रैल को यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती गतिविधियां बनी हुई हैं, जिनका असर आने वाले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। ऐसे में गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम में हल्की ठंडक दस्तक दे सकती है।
आगरा में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार
ताजमहल की नगरी आगरा में तापमान में दोबारा उछाल देखा गया है। सोमवार को दिन का तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो रविवार से करीब दो डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि अगले कुछ दिन मौसम शांत रहने की उम्मीद है, लेकिन 18 और 19 अप्रैल को हल्की बारिश फिर राहत ला सकती है।
किस दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 16 अप्रैल: आसमान साफ रहेगा, दिन में तेज धूप और हल्की उमस।
- 17 अप्रैल: पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
- 18 अप्रैल: पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश के आसार, मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
- 19 अप्रैल: एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।
फुर्सतगंज सबसे ठंडा
अमौसी स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक सोमवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फुर्सतगंज में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे कम रहा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक का उछाल हो सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी संभव है।












Click it and Unblock the Notifications