सपा की जंग सुलझाने को आगे आए आजम खान, कहा, हाथ-पैर भी जोड़ने को तैयार हूं
आजम खान ने कहा कि एक अच्छे काम के लिए वह कहीं भी जा सकते हैं और चाहते है कि सब एक हो जाएं। उन्होंने कहा, 'मेरी बात हुई है नेता जी से, वो बहुत ही पॉजिटिव और नरम हैं। वो चाहते हैं कि चीजें हल हों।'
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आजम खां अब समाजवादी पार्टी में मजे घमासान को खत्म करने में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव से अब तक उनकी जितनी बात हुई है वह सार्थक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मुलायम सिंह से मुलाकात और लंबी बात अच्छा संकेत है। एक नया रास्ता बनता दिख रहा है। आजम ने कहा कि समाजवादी पार्टी को एकजुट करने के लिए वह कुछ भी करेंगे।

'रिश्तों और ओहदो का भी मामला निपटे'
कैबिनेट मंत्री ने कहा, 'अभी तक जितनी बात हुई सब सार्थक रही है। सभी परेशानियां हल कर ली जाएंगी। बातचीत के जितने दौर हुए सब सकारात्मक रहे हैं।' उन्होंने कहा कि किसी भी बात को लेकर कन्फ्यूजन जैसी स्थिति नहीं है। बिल्कुल साफ-साफ राजनीति होनी चाहिए। आजम ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि रिश्तों, ओहदो का भी मामला निपटे।' आजम खान पूरी शिद्दत से लगे हुए हैं कि समाजवादी पार्टी में सबकुछ ठीक हो जाए और यूपी चुनाव में सारे नेता मिलकर सपा के लिए वोट मांगें।
'जरूरत पड़ी तो नाक भी झुका लेंगे'
आजम खान ने कहा कि एक अच्छे काम के लिए वह कहीं भी जा सकते हैं और चाहते है कि सब एक हो जाएं। उन्होंने कहा, 'मेरी बात हुई है नेता जी से, वो बहुत ही पॉजिटिव और नरम हैं। वो चाहते हैं कि चीजें हल हों। सबकुछ सुलझाने के लिए जहां भी जरूरत पड़ेगी मैं जाऊंगा। किसी के दर पर कुछ भी करना पड़ेगा तो कर लूंगा, जहां नाक झुकाना हो झुका लेंगे, खुशामद करना हो तो कर लेंगे, जिसके हाथ-पैर जोड़ने हों जोड़ देंगे। लेकिन चीजें सुलझ जाएं, यही ख्वाहिश है।'












Click it and Unblock the Notifications