मौसेरे भाई से हुई थी शादी, दहेज में कार न मिलने पर दे दिया तीन तलाक
इलाहाबाद। यूपी के कौशांबी जिले में तीन तलाक का ताजा वाकया सामने आया है। दहेज में कार न मिलने युवक ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। आश्चर्य की बात है कि युवती की शादी उसके मौसेरे भाई से हुई थी और शादी के बाद से युवक अपनी ससुराल में ही रहता था। बावजूद इसके उसे दहेज की कमी महसूस हुई और तीन बार तलाक बोलकर ससुराल छोडकर चला गया। तलाक से आहत महिला एक साल के बच्चे को लेकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराते हुये मीडिया के सामने सीएम-पीएम से न्याय की गुहार लगाई।

पिता ने युवक को दिया था सहारा
सैनी इलाके की रहने वाली महिला ने बताया कि उसका शौहर इस्लाम शादी से पहले उसका मौसेरा भाई था। महिला के पिता ने इस्लाम को अपने घर में पनाह दी और नौकरी करने के लिये अपने पैसे से खाड़ी देश भी भेजा था। जब वह तीन साल पहले वापस लौटा तो उसके साथ निकाह कर दिया गया और इस्लाम यही रहने लगा। पिछले साल से इस्लाम ने वह दहेज में कार देने की मांग शुरू कर दी तो ससुर ने बेटी के नाम जमीन लिखते हुए घर बनवाने की शर्त रखी। ससुर की शर्त थी कि वह घर बनवा ले तो वह कार देगा, लेकिन इस्लाम पर कार की धुन सवार थी और रोज इसे लेकर वह पत्नी को पीटने लगा।
कार ना मिलने से खफा था इस्लाम
सैनी थाने मैं शिकायत करने पहुंची महिला ने बताया कि दहेज में कार न दिए जाने पर इस्लाम ने उसे तीन बार तलाक तलाक तलाक बोल दिया और मारने पीटने लगा जब महिला यह बात बताने के लिए अपने पिता के पास गई तो इस्लाम घर छोड़कर भाग गया। घटना की जानकारी परिजनों को होने के बाद महिला अपने 1 साल के बेटे को लेकर सैनी थाने पहुंची और थानेदार से न्याय की गुहार लगाई। थाने पहुंचे मीडिया कर्मियों से भी महिला ने बात की और बताया कि दहेज के खातिर उसके शौहर ने उसे तीन बार तलाक बोलकर छोड़ दिया है।
जिसे सहारा दिया उसी ने रोता हुआ छोड़ दिया
अब महिला सीएम योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगा रही है उसे न्याय दिलाया जाए। वहीं महिला के पिता ने बताया कि इस्लाम को जब उसके परिजनों ने बेसहारा छोड़ दिया था तब उन्होंने ना सिर्फ उसे सहारा दिया बल्कि उसे रहने खाने से लेकर रोजगार करने तक का सहारा दिया, लेकिन अब उसने तलाक देकर मेरी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी हम सब को धोखा देकर बेसहारा कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications