दहेज के लिए प्रताड़ित कर अफसाना को पति ने दिया तीन तलाक, दो बेटों को छीना
मुरादाबाद। तीन तलाक को भले ही सुप्रीम कोर्ट ने अवैध करार दिया हो लेकिन अभी भी इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में पति ने दहेज न लाने पर अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। यही नहीं, पीड़िता के दोनों बच्चे को अपने पास रखकर उसे घर से निकाल दिया। फिलहाल तीन तलाक पीड़ित महिला ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच कर कानून के हिसाब से कार्रवाई की बात कही है।

शादी के छह साल बाद तलाक
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव मुस्तापुर खंडसाल निवासी वजीर की पुत्री अफसाना की शादी करीब साढ़े पांच साल पहले कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव ढकिया के गफ्फार से हुई थी। अफसाना के मुताबिक, शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसे पति व ससुरालीजनों द्वारा दहेज को लेकर ताने दिए जाते रहे। इस बीच उस पर लगातार दहेज का दबाव बढ़ता गया और मारपीट भी की जाने लगी।

तीन तलाक कहकर घर से निकाला
इसी महीने की पन्द्रह तारीख को पति गफ्फार ने उससे मारपीट की और परिजनों के कहने पर उसे तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया। यही नहीं उसके दो पुत्र अजीम और करीम को भी अपने पास रख लिया। पीड़िता के मुताबिक, उसने पति और ससुरालियों से काफी मिन्नतें की लेकिन वो नहीं माने।

पुलिस अफसर ने दिया आश्वासन
पीड़िता अफसाना किसी तरह मायके छजलैट पहुंची और पूरी घटना बताई। उसके बाद वो पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई है एसपी देहात उदय शंकर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। विवेचना की जा रही है। कानून के हिसाब से जांचकर कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications