पुलिस के सामने हिंदू युवा वाहिनी की गुंडागर्दी, लव जिहाद के आरोप में प्रेमी जोड़ के साथ मारपीट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराध पर नियंत्रण करने व कानून व्यवस्था को बेहतर करने का दावा करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी ही संस्था हिंदू युवा वाहिनी के सदस्य मुख्यमंत्री के दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। बागपत में पुलिस के सामने ही हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने जमकर गुंडागर्दी की और लव जेहाद के नाम पर आरोपियों के साथ जमकर मारपीट की। यह मामला पश्चिमी यूपी के बागपत का है, जहां वाहिनी के सदस्यों ने जमकर मारपीट की है।

लव जिहाद कहना जल्दबाजी
वहीं इस पूरे मामले में बागपत के एसपी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि इस मामले में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी, हम पूरी घटना की जांच कर रहे हैं, सबकुछ लव जिहाद से नहीं जोड़ा चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले को लव जिहाद कहना अभी जल्दबाजी होगी, हम माममले की जांच कर रहे हैं।

जबरन शादी का आरोप
बागपत की जिला तहसील में कोर्ट मैरिज के लिए पहुंचे जोड़े के साथ हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने पुलिस के सामने गुंडागर्दी करते हुए उनके साथ मारपीट की। सदस्यों का आरोप था कि ये लोग पंजाब से लड़की को भगाकर लाए हैं और उससे जबरन शादी कर रहे हैं, लड़की का धर्म अलग है, लेकिन जबरन लड़का उससे विवाह कर रहा है।

लाचार पुलिस
लव जिहाद का दावा करते हुए हिंदू युवा वाहिनी के सदस्य बागपत की तहसील पहुंचे थे। वहीं जब शिकाय के आधार पर पुलिस तीन आरोपियों और लड़की को बैठाकर ले जा रही थी तो वाहिनी के सदस्यों ने पुलिस के सामने ही इनसे मारपीट कर ली। आलम यह था कि पुलिस की मौजूदगी का इनपर कोई असर नहीं था, ये लोग जय श्री राम का नारा लगाते हुए मारपीट करने लगे, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने कुछ नहीं कहा।
युवा वाहिनी के सदस्यों के सामने पुलिस पूरी तरह से लाचार नजर आई, इन लोगों ने सबके सामने ना सिर्फ आरोपियों को धमकाया बल्कि पुलिस को भी धमकी दी। वाहिनी के सदस्यों का आरोप था कि लव जिहाद के तार कश्मीर से जुड़े हैं और जबरन युवती का विवाह कराया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी लड़कों व लड़की को हिरासत में ले लिया है और मामले की जानकारी पंजाब पुलिस को दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications