Helmet Rule UP: बिना हेलमेट अब यूपी में बाइक चालकों को क्यों नहीं मिलेगा पेट्रोल? जानिए सरकार का नया नियम
Helmet Rule UP: उत्तर प्रदेश में अब सड़क सुरक्षा नियमों को और सख्ती से लागू किया जाएगा। एक सितंबर से पूरे महीने चलने वाले विशेष अभियान में यह तय किया गया है कि बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंप पर पेट्रेाल नहीं मिलेगा।
सरकार का कहना है कि यह कदम दंडात्मक नहीं बल्कि जनहित के लिए है। इस अभियान के चलते लोगों को हेलमेट की अहमियत समझाने के साथ ही उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे सड़क हादसों में कमी आएगी।

इस मुहिम की जिम्मेदारी जिलों के जिलाधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति के पास होगी। इसे पुलिस, परिवहन विभाग और प्रशासन के अधिकारी इसमें मिलकर चलायेंगे। इसे लेकर पेट्रोल पंप संचालकों और तेल कंपनियों से भी सहयोग मांगा गया है।
अदालत की सख्ती और कानून का आधार
दरअसल, सर्वोच्च न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति ने राज्यों को हेलमेट नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी थी। इसी पृष्ठभूमि में योगी सरकार ने 'नो हेलमेट, नो फ्यूल' योजना को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 129 चालक और पीछे बैठे सवार दोनों के लिए हेलमेट को अनिवार्य है। वहीं धारा 194D का प्रावधान कहता है कि नियम तोड़ने पर जुर्माना देना होगा। अब पेट्रोल के लिए हेलमेट जरुरी होने से लोग हेलमेट जरुर लगायेंगे।
पेट्रोल पंपों पर की जाएगी सख्त निगरानी
तेल विपणन कंपनियों जैसे IOCL, BPCL और HPCL को भी इसमें शामिल किया गया है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमों का पालन करवाएं। इसके निगरानी की जिम्मेदारी खाद्य एवं रसद विभाग को सौंपी गई है।
अधिकारियों का मानना है कि जब पेट्रोल मिलने की शर्त हेलमेट होगी तो लोग हेलमेट पहन कर ही घर से बाइक लेकर निकलेंगे और इसे आदत बना लेंगे। इससे सड़क दुर्घटनाएं कम होंगी और बगैर हेलमेट के होने वाली मौतों में भी कमी आएगी।
यह है हादसों में जीवन बचाने का आसान तरीका
परिवहन आयुक्त ब्रजेश नारायण सिंह ने इसे नागरिक सुरक्षा का संकल्प बताया। उनका कहना है, 'हेलमेट पहले, ईंधन बाद में' की सोच हर बाइक सवार को अपनानी चाहिए। यह किसी पर दबाव डालने की बजाय जीवन बचाने का सबसे आसान तरीका है।
उन्होंने नागरिकों और पेट्रोल पंप संचालकों और तेल कंपनियों से अपील की है कि वे इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाने में मदद करें।












Click it and Unblock the Notifications