'भोले बाबा' का राइट हैंड और सत्संग का मुख्य आयोजक देवप्रकाश मधुकर गिरफ्तार, हाथरस भगदड़ के बाद से था फरार
Hathras Satsang Organiser Arrested: उत्तर प्रदेश के हाथरस में 2 जुलाई को आयोजित 'भोले बाबा' के सत्संग में मची भगदड़ में 123 लोगों की जान गई थी। हालांकि इस पूरे घटना के बाद प्रवचनकर्ता बाबा सूरजपाल उर्फ 'भोले बाबा' पुलिस के शिकंज से अब तक दूर हैं, लेकिन यूपी पुलिस ने सत्संग के मुख्य आयोजक को देव प्रकाश मधुकर को कर लिया है।
हाथरस भगदड़ के सिलसिले में यूपी पुलिस के छह लोगों को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद देव प्रकाश मधुकर को गिरफ्तार किया गया है। मधुकर हाथरस कांड का मुख्य आरोपी है, जो कि 123 लोगों की मौत के बाद से फरार था। पुलिस ने उस पर एक लाख का इनाम घोषित किया था।

दिल्ली से किया गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद शनिवार को देव प्रकाश मधुकर की हाथरस कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक मधुकर ने सरेंडर किया है। दिल्ली के नजफगढ़ - उत्तम नगर के बीच के एक अस्पताल में हाथरस पुलिस पहुंची थी, जहां देव प्रकाश ने सरेंडर किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए सभी आयोजन समिति से जुड़े
पुलिस ने बताया कि वे सभी सत्संग आयोजित करने वाली आयोजन समिति के सदस्य थे। मालूम हो कि हाथरस में मंगलवार (2 जुलाई) को प्रवचनकर्ता नारायण साकार हरि उर्फ 'भोले बाबा' ने सत्संग का आयोजन किया था।
एक लाख का इनाम किया था घोषित
पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में 'मुख्य सेवादार' देव प्रकाश मधुकर की पहचान की। इससे पहले पुलिस ने मधुकर के बारे में जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी।
अनुमति से ज्यादा लोग आए
एफआईआर के अनुसार, सत्संग में 2.50 लाख से अधिक लोग शामिल हुए, जबकि प्रशासन ने 80,000 लोगों के लिए अनुमति दी थी। एफआईआर के मुताबिक सत्संग आयोजकों ने साक्ष्य छिपाकर और आस-पास के खेतों में सत्संग के अनुयायियों की चप्पलें और अन्य सामान फेंककर कार्यक्रम में लोगों की वास्तविक संख्या छिपाने की कोशिश की।
बाबा के पैरों की रज लेने के लिए मची थी भगदड़
बता दें कि सत्संग में भगदड़ तब मची जब कई भक्त बाबा के पैरों से मिट्टी इकट्ठा करने के लिए हाथापाई कर रहे थे, क्योंकि उन्हें लगा कि इससे उनकी सभी बीमारियां ठीक हो सकती हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैसे लोग एक के बाद एक गिरते गए और उनके शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications