शादी से ठीक पहले बच्चों के साथ पहुंची पहली बीवी, दूल्हा पहुंचा हवालात
सहारनपुर। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित महिला सुरक्षा सप्ताह के चलते बड़गांव थाना क्षेत्र में दूसरी शादी करने पहुंचे एक दूल्हे को उसकी पहली पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने निकाह करने से पहले ही हिरासत में ले लिया। मामला बिगड़ता देख दूल्हे के साथ आये अन्य बाराती भी मौके से फरार हो गए।

बुधवार की सुबह थाना झिंझाना के गांव अजीजपुर निवासी बाबू खां का पुत्र इंसार उर्फ लिल्लू बड़गांव क्षेत्र के गांव नूनाबड़ी निवासी के यहां बारात लेकर आया था। धूमधाम से सभी बाराती और घराती सुबह का चाय नाश्ता करने के बाद इंसार उर्फ लिल्लू एवं शबाना के निकाह की तैयारी में लगे हुए थे। इसी समय पर इंसार पहली पत्नी नरसीन बड़गांव पुलिस को लेकर गांव नूनाबड़ी मौके आ धमकी। पीड़ित पत्नी नरसीन ने बताया कि यह दूल्हा बना इंसार उर्फ लिल्लू पुत्र बाबू निवासी अजीजपुर थाना झिंझाना उसका पति है और उसके दो बच्चे सानिया और सोयब भी हैं।
आरोप है कि इंसार ने सवा वर्ष पूर्व उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। अभी तक कानूनी रूप से उसके तलाक जैसी कोई बात भी नहीं हुई है और आज वह गैर कानूनी रूप से बारात में आठ दस आदमी लेकर नूनाबड़ी निवासी कामिल की लड़की शबाना से शादी करने के लिए आया था।

पुलिस ने दूल्हा बने इंसार की पहली पत्नी नसरीन की शिकायत पर निकाह रुकवाते हुए आरोपी दूल्हे व बिचौलिये को मौके से हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया। थानाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह का कहना है कि मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है। उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications